₹100 के विवाद में हत्या, युवक को पत्थर और लोहे से कुचलकर मार डाला
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 26
- 2 min read

दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र में मामूली पैसों के विवाद में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मसलिया थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 25.01.2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को वादी कुबराज बास्की ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

चचेरे भाई ने कबूला अपराध, पैसे के हिसाब में हुआ विवाद
दुमका। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक चुहापानी हांसदा (उम्र लगभग 29 वर्ष) और आरोपी मनिलाल हांसदा (उम्र लगभग 20 वर्ष) हत्या के दिन साथ में फुटबॉल मैच देखने गए थे। दोनों ने साथ में खाना-नाश्ता किया था, जिसका खर्च मृतक ने उठाया था। मैच देखने के बाद जब दोनों रात करीब 8 बजे घर लौट रहे थे, तो रास्ते में पैसों के हिसाब को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पत्थर और लोहे के औजार से हमला, इलाज के दौरान मौत
दुमका। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी मनिलाल हांसदा ने लोहे के कड़े और पत्थर से मृतक के सिर पर ताबड़तोड़ वार किया। हमले में चुहापानी हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद, आरोपी गिरफ्तार
दुमका। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी पत्थर और लोहे का कड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी मनिलाल हांसदा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन का परिणाम थी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, टीम में कई अधिकारी शामिल
दुमका। इस मामले की जांच और गिरफ्तारी में मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन, पु०अ०नि० अजय कुमार सिंह, स०अ०नि० मंगल उरांव, हवलदार इस्माइल टुडू, इन्द्रजीत मुर्मू, सहायक अवर निरीक्षक जुवाकीम मरांडी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





Comments