होली पर ‘उल्टा-पुल्टा’ का लोकार्पण, 12वें वर्ष में प्रवेश
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 12 hours ago
- 2 min read

दुमका में होली के अवसर पर प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाला विशेष व्यंग्य अंक ‘उल्टा-पुल्टा’ इस वर्ष अपने 12वें वर्ष में प्रवेश कर गया। सोमवार को इसका लोकार्पण विधायक डॉ. लुईस मरांडी, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. राजकुमार उपाध्याय और पत्रकार रविकांत सुमन ने किया। वहीं दुमका क्लब में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया एवं वार्ड पार्षदों ने भी विशेषांक का विमोचन किया। जसपाल भट्टी के चर्चित धारावाहिक ‘उल्टा-पुल्टा’ से प्रेरित यह प्रकाशन दुमका में होली की एक खास पहचान बन चुका है।

चार पन्नों से 12 पृष्ठों तक का सफर
चार पन्नों से शुरू हुआ यह अनोखा अखबार अब 12 पृष्ठों तक पहुंच चुका है। इस अंक में राजनीतिज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों, संवेदकों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और पत्रकारों से जुड़ी हास्य-व्यंग्य आधारित खबरें प्रकाशित की गई हैं। समाज और राजनीति की हलचल को हल्के-फुल्के अंदाज में प्रस्तुत करना इस विशेषांक की खासियत रही है, जो पाठकों को होली के रंग में हंसी का तड़का लगाता है।

चटपटे शीर्षकों से सजा विशेषांक
इस वर्ष के अंक में झारखंड की सबसे बड़ी काल्पनिक होली खबर “कल्पना सोरेन होंगी कार्यकारी सीएम, 30 फरवरी को बहुमत परीक्षण” को प्रमुखता दी गई है। इसके अलावा “शिक्षा मंत्री बन अपने सपनों को पूरा करेंगी डॉ. लुईस मरांडी”, “बसंत सोरेन को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर दुमका में खुशी की लहर”, “आलोक सोरेन बने स्वास्थ्य मंत्री”, “डॉ. तुषार ज्योति बने नगर परिषद के उपाध्यक्ष” और “अभिषेक के अध्यक्ष बनते ही वादों की बरसात—पहली बैठक में ही ग्रुप लोन माफ” जैसी चुटीली खबरें पहले पृष्ठ पर प्रकाशित हैं। ‘उल्टा-पुल्टा’ का यह होली विशेषांक 3 मार्च को हॉकर्स के माध्यम से पाठकों तक पहुंचेगा।





Comments