हंसडीहा में बड़ी कार्रवाई: 360 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 9 hours ago
- 2 min read

फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से बिहार ले जाया जा रहा था नकली शराब
दुमका। हंसडीहा पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 360 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की और एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दुमका की ओर से एक कार में शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर हंसडीहा–गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध सफेद कार को रोका गया। पुलिस को देखते ही चालक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में वाहन की सीट और डिक्की से छुपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।

तीन ब्रांड की शराब जब्त, फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में 05 पेटी रॉयल स्टैग (120 बोतल), 07 पेटी इम्पीरियल ब्लू (168 बोतल) और 03 पेटी रॉयल चैलेंज (72 बोतल) शामिल हैं। सभी बोतलें 375 एमएल की हैं। मौके से मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान गोड्डा जिले के देवडांढ़ थाना क्षेत्र निवासी मो. महबूब अंसारी (21) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शराब बिहार ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की है।

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस, सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी सख्ती
इस संबंध में हंसडीहा थाना कांड सं. 16/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण हंसडीहा को तस्कर ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशुन देव पासवान, थाना प्रभारी अजीत यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में जांच अभियान और तेज किया जाएगा।









Comments