रांची के तारामंडल से भी अधिक आधुनिक होगा दुमका का तारामंडल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 days ago
- 2 min read

जापान के तकनीशियन कर रहे अत्याधुनिक उपकरणों की इंस्टॉलेशन
झारखंड की उपराजधानी दुमका में जल्द ही अत्याधुनिक डिजिटल तारामंडल (प्लैनेटोरियम) शुरू होने जा रहा है। इसके लिए जापान से आई तकनीशियनों की टीम यहां आधुनिक प्रोजेक्टर सहित अन्य उपकरणों की इंस्टॉलेशन में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार तारामंडल में लगाए जा रहे उपकरण जापान की प्रसिद्ध कंपनी कोनिका-मिनोल्टा द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि इस परियोजना का निर्माण झारखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (JCST) के सहयोग से दुमका के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में किया गया है।

जापान के विशेषज्ञ दे रहे तकनीकी सहयोग
इस परियोजना में जापान की प्रतिष्ठित कंपनी आरएसए कोसमोस के माध्यम से कोनिका-मिनोल्टा के उपकरण लगाए जा रहे हैं। जापान से आए दो विशेषज्ञ मिस्टर ताकेदा और मिस्टर उमेदा पिछले लगभग एक महीने से दुमका में रहकर इंस्टॉलेशन कार्य को अंतिम रूप दे रहे हैं। उनके साथ भारत के वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञ भी इस परियोजना को पूरा करने में लगे हुए हैं।

2015 में शुरू हुई परियोजना अब अंतिम चरण में
दुमका के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बन रहे इस तारामंडल का भवन निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका था। यह परियोजना वर्ष 2015 में शुरू की गई थी, लेकिन तकनीकी उपकरणों की इंस्टॉलेशन में देरी के कारण इसका उद्घाटन अब तक नहीं हो सका था। अब आधुनिक प्रोजेक्टर और अन्य डिजिटल उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिसके बाद इंटीरियर डेकोरेशन का कार्य भी पूरा किया जाएगा।

हाइब्रिड तकनीक और आधुनिक प्रोजेक्टर से लैस होगा तारामंडल
दुमका में बन रहा यह तारामंडल पूरी तरह डिजिटल और हाइब्रिड तकनीक से संचालित होगा। यहां लगभग 15 मीटर का टॉप स्क्रीन लगाया जा रहा है और एक साथ करीब 150 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। आधुनिक ऑप्टोमेक्निकल प्रोजेक्टर प्रणाली के माध्यम से ग्रह-नक्षत्रों, ब्रह्मांड और अंतरिक्ष से जुड़े अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। विशेषज्ञों के अनुसार यह तारामंडल रांची के तारामंडल से भी अधिक आधुनिक होगा।

विद्यार्थियों के लिए विज्ञान शिक्षा का नया केंद्र बनेगा
तारामंडल शुरू होने के बाद दुमका और संताल परगना क्षेत्र के विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्टर और अन्य उपकरणों की इंस्टॉलेशन तेजी से की जा रही है, ताकि जल्द ही दुमका के लोगों को इस आधुनिक सुविधा का लाभ मिल सके और यह स्थान क्षेत्र का महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं पर्यटन केंद्र बन सके।





Comments