मामूली विवाद में चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी भतीजा गिरफ्तार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 19
- 1 min read

सिजुआ गांव की घटना से फैली सनसनी
दुमका। टोंगरा थाना क्षेत्र के बांसकुली पंचायत अंतर्गत सिजुआ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भतीजे ने अपने ही चाचा की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

गाली-गलौज के विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब तीन बजे मंगल पुजहर जंगल से लकड़ी काटकर घर लौटे थे। इसी दौरान उनका भतीजा सुभाष पुजहर अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। मंगल पुजहर ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया।

कुल्हाड़ी से हमला, गंभीर रूप से घायल हुए चाचा
विवाद के दौरान सुभाष पुजहर ने कुल्हाड़ी उठाकर अपने चाचा मंगल पुजहर पर हमला कर दिया। हमले में मंगल के पैर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजनों ने उन्हें तत्काल रानीश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पश्चिम बंगाल के सिउड़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत
सिउड़ी अस्पताल में इलाज के दौरान अत्यधिक खून बह जाने के कारण गुरुवार सुबह करीब चार बजे मंगल पुजहर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मृतक की बेटी पूजा देहरी के लिखित आवेदन पर टोंगरा थाना प्रभारी गुरूचरण मांझी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुभाष पुजहर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





Comments