बच्चा चोरी की अफवाह पर दुमका में दो युवकों की पिटाई
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Feb 24
- 1 min read

हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के कारण लगातार दो दिनों में दो अलग-अलग युवकों की ग्रामीणों द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं में समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप कर युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाते हुए सुरक्षित थाना पहुंचाया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।

पहली घटना: बंगाली भाषी युवक को बच्चा चोर समझा
सोमवार शाम ग्रामीण महिलाओं ने बच्चा चोर होने के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया। युवक के बंगाली भाषी होने के कारण वह अपनी बात स्पष्ट रूप से नहीं रख सका, जिससे ग्रामीणों का शक और बढ़ गया तथा उसकी पिटाई कर दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाया। पूछताछ में उसकी पहचान सुजय कुमार मंडल (30), निवासी गोबराडोन, थाना खड़गपुर, जिला मिदनापुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। उसने बताया कि वह बासुकीनाथ धाम में पूजा के बाद बैद्यनाथ धाम जा रहा था और हंसडीहा से पैदल देवघर रोड की ओर बढ़ रहा था, तभी घटना हुई।

दूसरी घटना: प्लास्टिक बीनने वाले युवक की पिटाई
मंगलवार को पगवारा गांव के समीप प्लास्टिक बोतल चुनने वाले एक अन्य युवक को भी बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भी सुरक्षित थाना लाकर पूछताछ की। उसकी पहचान श्रवण कुमार तांती, ग्राम कटायीलेटा, थाना बंधुवाकुरा, जिला बांका के रूप में हुई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को हाथ में न लेने की अपील की है।





Comments