top of page

नाबालिग बाइकिंग का खतरनाक सच: परीक्षा से लौटते चार छात्र सड़क पर गिरे, बड़ा हादसा टला

दुमका के नेशनल हाईवे 133 पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के पास शनिवार को हुए हादसे ने नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर कर दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिस पर सवार चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सरैयाहाट सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख देवघर रेफर कर दिया गया।

मैट्रिक परीक्षा देकर लौट रहे थे छात्र, तीन नाबालिग घायल

घायलों की पहचान धौनी गांव निवासी 14 वर्षीय सुधाकर मारिक, 14 वर्षीय बीरेंद्र मारिक, 14 वर्षीय शुभम मांझी और 19 वर्षीय अभिषेक ठाकुर के रूप में हुई है। सभी छात्र परीक्षा केंद्र से मैट्रिक की परीक्षा देकर लौट रहे थे। एक ही बाइक पर चार सवारियों का बैठना और सुरक्षा नियमों की अनदेखी हादसे की बड़ी वजह बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में अभिभावकों और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: हेलमेट जांच और ट्रैफिक कंट्रोल की मांग तेज

घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने परीक्षा अवधि में ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने, नाबालिग चालकों पर सख्त कार्रवाई और हेलमेट व लाइसेंस जांच अभियान चलाने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष जांच और गश्ती नहीं होने से छात्र खुलेआम नियम तोड़कर वाहन चला रहे हैं, जो जानलेवा साबित हो रहा है।

महिषबथान के पास युवक गिरा, बीमारी की आशंका

दुमका–सिउड़ी मुख्य पथ के महिषबथान के पास एक युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान शिलाजोड़ी निवासी गोपी गोराई के रूप में हुई है, जो रघुनाथपुर बाजार में सब्जी दुकान में काम करता है। प्रत्यक्षदर्शियों को पहले लगा कि वह पेड़ से टकराया है, लेकिन चिकित्सक ने शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं पाए और मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका जताई। प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया।

बाइक को बचाने में पलटा टेम्पो, चालक समेत दो महिलाएं घायल

गोपीकांदर थाना क्षेत्र के जियापानी डाउन में एक बाइक को बचाने के प्रयास में तीन पहिया टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक बाबूलाल मरांडी और दो महिला यात्री लखीरानी देवी व सुनीता देवी घायल हो गईं। सभी को अमड़ापाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। टेम्पो में सवार एक मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तेज रफ्तार टोटो व बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल

दुमका। रामगढ़-गुहियाजोरी मुख्यमार्ग पर रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जवारी मोड़ के पास शनिवार को तेज रफ्तार टोटो व बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए फूलों झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका ले जाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक युवक सिकंदर सोरेन उम्र लगभग 12 वर्ष पिता कुबराज सोरेन ग्राम धनियापहाड़ी अंतर्गत रामगढ़ थाना क्षेत्र का निवासी है। नाबालिग प्रतिदिन महुबना में प्राइवेट ट्यूशन पढ़ने आया करता था। इसी क्रम में शनिवार को किसी की बाइक लेकर रामगढ़ किसी काम से जा रहा था।उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही टोटो के साथ बाइक सवार की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गयाद्य मौके का फायदा उठाकर टोटो चालक घटनास्थल से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। घायल की स्थिति नाजुक रहने के कारण ग्रामीणों की मदद से प्राथमिक उपचार हेतु दुमका भेज दिया गया। घायल के परिजनों ने बताया कि स्थिति गंभीर रहने के कारण बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। बता दें कि रामगढ़ मुख्य मार्ग पर आये दिन सड़क हादसों में इजाफा देखने को मिल रहा है। यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाकर बाइक व अन्य वाहन चालक तेज रफ़्तार में वाहन चलाते हैं, जिसके कारण हादसों के शिकार होते रहते हैं।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page