दुमका में झामुमो का दबदबा, 15 वोटों से मनोज सिंह की एकतरफा जीत;
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 4 hours ago
- 2 min read

दुमका। नगर परिषद अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सियासी बढ़त कायम हो गई है। दुमका नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार सिंह ने बड़ी जीत हासिल की, जबकि बासुकीनाथ नगर पंचायत में रोहित कुमार राउत उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। मनोज सिंह वार्ड संख्या 20 से लगातार चौथी बार पार्षद बने हैं और इस बार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।

मनोज सिंह ने 15 वोटों से कन्हाई प्रसाद को हराया
अपर समाहर्ता राजीव कुमार ने बताया कि सर्वसम्मति नहीं बनने पर चुनाव कराया गया, जिसमें मनोज कुमार सिंह ने 15 वोटों के अंतर से कन्हाई प्रसाद साह को पराजित किया। कुल 21 पार्षदों में से 18 ने मनोज सिंह के पक्ष में मतदान किया, जबकि कन्हाई प्रसाद साह को केवल 3 वोट मिले। इसके बाद अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने मनोज सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

बासुकीनाथ में भी हुआ मतदान, 2 वोट से जीते रोहित राउत
वहीं बासुकीनाथ नगर पंचायत में भी सर्वसम्मति नहीं बन पाई और चुनाव कराया गया। एसडीओ कौशल कुमार के अनुसार वार्ड संख्या 3 के पार्षद रोहित कुमार राउत ने निकेश कुमार को 2 वोटों से हराया। रोहित राउत को 12 में से 7 पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि निकेश कुमार को 5 वोट प्राप्त हुए। अध्यक्ष वीणा देवी ने उन्हें शपथ दिलाई।

जीत के बाद हुआ जोरदार स्वागत और जश्न
उपाध्यक्ष के निर्वाचन के बाद मनोज कुमार सिंह का अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया और वार्ड पार्षदों ने फूल-माला और गुलाल-अबीर से स्वागत किया। समाहरणालय से नगर परिषद कार्यालय तक जुलूस के रूप में सभी पहुंचे, जहां आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। इससे पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कोर्ट मोड़ स्थित बजरंगबली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

पहली बैठक में कार्यों को लेकर हुई चर्चा
नगर परिषद कार्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों की एक अनौपचारिक बैठक भी आयोजित की गई। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी शीतांशु खालको ने सभी जनप्रतिनिधियों का बुके और शॉल देकर स्वागत किया। बैठक में नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रारंभिक चर्चा की गई।





Comments