दुमका में एंबुलेंस सेवा और राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा, डीसी ने दिए कड़े निर्देश
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 days ago
- 2 min read

108 एंबुलेंस सेवा को मजबूत बनाने पर जोर
दुमका। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले में संचालित 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा आम लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा है, इसलिए इसकी व्यवस्था सुचारू और प्रभावी रूप से संचालित होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध हो सके।

सभी एंबुलेंस में जीपीएस लगाने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में जिले में 108 सेवा के तहत 15 एंबुलेंस संचालित हो रही हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एंबुलेंस में जीपीएस प्रणाली अनिवार्य रूप से स्थापित की जाए, ताकि एंबुलेंस की वास्तविक लोकेशन की जानकारी हर समय उपलब्ध रहे और आवश्यकता पड़ने पर निकटतम एंबुलेंस को तुरंत मरीज तक भेजा जा सके। जिन एंबुलेंस में अभी तक जीपीएस नहीं लगाया गया है, उन्हें चिन्हित कर जल्द से जल्द यह व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

एंबुलेंस सेवा की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि 108 एंबुलेंस सेवा की नियमित समीक्षा की जाए और इसकी कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही जिले में संचालित सभी एंबुलेंस का समुचित डेटाबेस तैयार करने को कहा गया, जिसमें एंबुलेंस की संख्या, तैनाती स्थल, चालक और तकनीकी स्थिति से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाना चाहिए।

राशन वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
वहीं समाहरणालय सभागार में ही उपायुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राशन का उठाव और वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी परिस्थिति में लाभुकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन नहीं दिया जाए।

गोदामों की नियमित जांच और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को सक्रियता के साथ कार्य करने, गोदामों का नियमित निरीक्षण करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गोदामों की स्थिति अच्छी बनाए रखी जाए और जर्जर गोदामों को दुरुस्त किया जाए। साथ ही डाकिया योजना के तहत खाद्यान्न का वितरण भी समय पर और निर्धारित मात्रा में सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि सभी लाभुकों तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच सके।





Comments