दुमका में इंस्पेक्टर ऑफिस के पीछे डबल मर्डर से दुमका दहला, मां–बेटी का शव मिलने से हड़कंप
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Feb 11
- 1 min read

दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक के पास स्थित इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे मां और बेटी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र में सामने आई है, जिससे लोगों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।

शव की हालत देख हत्या की आशंका, कपड़े अस्त-व्यस्त — कई सवाल खड़े
मौके पर मिले दोनों शवों की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त पाए गए हैं, जबकि बच्ची के नाक से खून निकला हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिस्थितियों को देखते हुए दुष्कर्म या दुष्कर्म के प्रयास के दौरान विरोध करने पर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।

सुरक्षा दावों के बीच वारदात से उठे सवाल, पहचान में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार मृत महिला अपने बेटे के साथ शहर में घूमकर भीख मांगती थी। नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं, ऐसे में इंस्पेक्टर ऑफिस के पीछे दोहरे हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है।





Comments