डीएमएफटी फंड से दुमका में विकास कार्य तेज, तीन एंबुलेंस खरीदने और 61 स्कूलों में चहारदीवारी बनाने का निर्णय
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 days ago
- 2 min read

डीएमएफटी योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा
दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएमएफटी के माध्यम से जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि डीएमएफटी से संचालित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

पूरा हुए कार्यों को जल्द विभागों को सौंपने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र हैंडओवर किया जाए, ताकि उनका समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके। साथ ही सभी विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

61 विद्यालयों में बनेगी चहारदीवारी
समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा हाईवे किनारे स्थित 61 विद्यालयों में चहारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस पर उपायुक्त ने सभी चिन्हित विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण तरीके से चहारदीवारी निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि स्कूल परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष और शौचालय निर्माण का निर्देश
इसके अलावा 11 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष (एडिशनल क्लासरूम) निर्माण तथा 23 विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण कराने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि इन कार्यों से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं बेहतर होंगी और छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए खरीदी जाएंगी तीन एंबुलेंस
बैठक में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को डीएमएफटी फंड के माध्यम से तीन नई एंबुलेंस खरीदने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।





Comments