गिरजाघर गए परिवार का घर बना आग का गोला, मिनटों में सब कुछ खाक
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Feb 2
- 1 min read

गोपीकांदर थाना क्षेत्र के खेड़ीबाड़ी गांव के चर्च टोला में रविवार सुबह एक भीषण आगलगी की घटना में एक परिवार का घर जलकर राख हो गया। गृहस्वामी विजय सोरेन के अनुसार वे सुबह करीब 8 बजे पूरे परिवार के साथ गिरजा प्रार्थना के लिए गए थे। इसी दौरान घर की दिशा से धुआं उठता देख लोग दौड़ते हुए पहुंचे तो मकान धू-धू कर जल रहा था। आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

स्कूटी, धान, सरसों, नकदी समेत लाखों की संपत्ति स्वाहा
इस आगलगी में एक स्कूटी, करीब 40 किलो सरसों, 4 क्विंटल धान, एक मोबाइल, तीन कुर्सियां और नकद राशि सहित घर का लगभग सारा सामान जल गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।

प्रशासन को सूचना, मुआवजा दिलाने का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया माईकल हेंब्रम ने पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लिया और प्रखंड प्रशासन को सूचना दी। सीओ सह बीडीओ विजय प्रकाश मरांडी को मामले से अवगत कराया गया है। पंचायत स्तर से निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है तथा लिखित आवेदन देने को कहा गया है।





Comments