एनएच-133 पर भीषण हादसा : मिनी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 7
- 2 min read

दिग्घी गांव के पास देर शाम हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
दुमका। नेशनल हाईवे-133 पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव के समीप शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों व्यक्ति मिनी ट्रक के नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।

देवघर से आ रहा मिनी ट्रक, सामने से टकराई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार देवघर की ओर से चावल लोड कर एक मिनी ट्रक हंसडीहा की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक अचानक ट्रक के सामने आ गई और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को भेजा अस्पताल, पहचान का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बाइक (निबंधन संख्या JH-10 AT-8959) धनबाद निवासी सुशांत कुमार दास के नाम से निबंधित है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों व्यक्ति कोठिया हटिया से कबूतर खरीदकर देवघर की ओर जा रहे थे।

रविवार को होगा पोस्टमार्टम, पुलिस कर रही जांच
सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

एनएच-133 पर अलग-अलग हादसों में तीन लोग घायल
इधर, दुमका एनएच-133 पर शनिवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान महगामा थाना क्षेत्र के रोशन कुमार मंडल (25) और बाघमारी गांव निवासी पंकज यादव (18) के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया। वहीं गोपीकांदर थाना क्षेत्र के कुश्चिरा बायपास के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक मुरारी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से आमडापाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।





Comments