top of page

उपाध्यक्ष चुनाव में अलग-थलग पड़े कन्हाई साह, केवल तीन वोटों में सिमटा समर्थन

सर्वसम्मति नहीं बनी, अंतिम समय तक चला जोड़-तोड़

दुमका। नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत में अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव में सर्वसम्मति नहीं बन सकी। 27 फरवरी को चुनाव परिणाम आने के बाद से ही उपाध्यक्ष पद के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति चल रही थी, जो अंतिम समय तक जारी रही। कई दौर की बैठकों और प्रयासों के बावजूद किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई।

कन्हाई साह की कोशिशें रहीं नाकाम

वार्ड संख्या 10 के पार्षद कन्हाई प्रसाद साह खुद को झामुमो समर्थित प्रत्याशी बताते हुए पार्षदों को अपने पक्ष में गोलबंद करने में जुटे रहे, लेकिन अंततः सफल नहीं हो सके। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर बैठकें कर समर्थन जुटाने का प्रयास किया, लेकिन चुनाव से ठीक पहले समीकरण उनके खिलाफ हो गए।

मनोज सिंह को मिला बहुमत का समर्थन

वार्ड संख्या 20 के पार्षद मनोज कुमार सिंह को अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया का समर्थन मिला और उन्होंने अधिकांश पार्षदों को अपने पक्ष में कर लिया। चुनाव से एक दिन पहले ही 16 से अधिक पार्षद उनके साथ आ गए। अंततः उन्हें कुल 17 पार्षदों का समर्थन मिला और उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की।

कन्हाई को मिले सिर्फ तीन वोट

उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन के दौरान कन्हाई प्रसाद साह के प्रस्तावक वार्ड संख्या 3 की कुसुम देवी और समर्थक वार्ड संख्या 17 की अरबी खातुन बनीं। मतगणना में कन्हाई को केवल तीन वोट मिले, जिसमें उनका अपना, प्रस्तावक और समर्थक का वोट शामिल था। वहीं मनोज सिंह के प्रस्तावक महेश राम और समर्थक सपन कुमार साह रहे।

उपायुक्त ने दिलाई शपथ, सभी पार्षदों ने ली भागीदारी

समाहरणालय सभागार में आयोजित समारोह में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत कुमार सिन्हा ने अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया सहित सभी 21 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद डीआरडीए सभागार में बासुकीनाथ नगर पंचायत की अध्यक्ष वीणा देवी और पार्षदों को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page