top of page

आत्महत्या है या हत्या : पलाश पेड़ पर फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव

सरपत्ता कारीपहाड़ी गांव की घटना से दहशत

देवघर। बुढ़ई थाना क्षेत्र के सरपत्ता कारीपहाड़ी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय युवती और 20 वर्षीय युवक के शव पलाश के पेड़ से फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

अलग-अलग जाति के थे प्रेमी युगल

मृतकों की पहचान राजेश टुडू की पुत्री बबीता कुमारी और जयराम महतो के पुत्र प्रदीप महतो के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और वे अलग-अलग जाति से संबंध रखते थे, जिससे परिजनों में नाराजगी थी।

कई दिनों से लापता थे दोनों

ग्रामीणों के अनुसार दोनों पिछले रविवार शाम घर से निकले थे, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को गांव के पूर्वी छोर स्थित सरपत्ता जंगल में पलाश के पेड़ पर दोनों का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम, जांच शुरू

सूचना मिलने पर बुढ़ई थाना प्रभारी रूपेश कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामला आत्महत्या है या हत्या, इसकी जांच हर पहलू से की जा रही है।

गांव में शोक की लहर, जांच की मांग

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने मामले की गहन जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि दोनों युवक-युवती मिलनसार स्वभाव के थे और इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page