अध्यक्ष पद पर नामांकन की रफ्तार तेज, दुमका और बासुकीनाथ में 8 दावेदार मैदान में
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 3 hours ago
- 2 min read

नगर निकाय चुनाव के तहत नामांकन के चौथे दिन दुमका और बासुकीनाथ में अध्यक्ष पद की दौड़ अचानक तेज हो गई। सोमवार को दुमका नगर परिषद में 5 और बासुकीनाथ नगर पंचायत में 3 प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया, जिससे चुनावी मुकाबला अब खुलकर सामने आने लगा है। अब तक केवल नाजिर रसीद लेने वाले कई दावेदारों ने भी औपचारिक रूप से मैदान में उतरना शुरू कर दिया है।
दुमका में पांच बड़े नामों ने भरा पर्चा, मुकाबला हुआ बहुकोणीय
दुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा, बिनोद कुमार लाल, सुमित कुमार उर्फ सुमित पटवारी, सतीश कुमार और अंकित गुप्ता ने अपर समाहर्ता राजीव कुमार के समक्ष नामांकन दाखिल किया। सभी प्रत्याशी अपने-अपने सामाजिक और राजनीतिक आधार के साथ मैदान में उतरे हैं, जिससे अध्यक्ष पद का चुनाव अब बहुकोणीय और कड़ा होता दिख रहा है।
बासुकीनाथ में पूर्व अध्यक्ष समेत तीन दावेदारों की एंट्री
बासुकीनाथ नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष पूनम देवी, वीणा देवी और मधुमिता देवी ने नामांकन दाखिल किया। पूनम देवी निवर्तमान अध्यक्ष हैं, जबकि वीणा देवी पिछले चुनाव में बेहद कम अंतर से दूसरे स्थान पर रही थीं। मधुमिता देवी पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू लाहा की धर्मपत्नी हैं और दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरी हैं, जिससे यहां भी सीधी और मजबूत टक्कर तय मानी जा रही है।
वार्ड सदस्य पद पर नामांकन की बाढ़, एक दिन में 54 उम्मीदवार मैदान में
सोमवार को वार्ड सदस्य पद के लिए दुमका में 19 और बासुकीनाथ में 35 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। दुमका नगर परिषद के 21 वार्डों में अब तक कुल 22 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। वार्ड नंबर 3, 6, 7, 8 और 10 में एक से अधिक दावेदारों के आने से स्थानीय स्तर पर मुकाबला रोचक हो गया है, जबकि कई वार्डों में अभी भी नामांकन शून्य है।
13 अध्यक्ष दावेदार अभी भी इंतजार में, अंतिम दिन बढ़ेगा दबाव
दुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अब तक 18 लोगों ने नाजिर रसीद कटवाई थी, लेकिन उनमें से 13 ने अभी तक नामांकन दाखिल नहीं किया है। इनमें कई चर्चित नाम भी शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि अंतिम दिनों में नामांकन का दबाव और बढ़ेगा और अध्यक्ष पद की तस्वीर और ज्यादा साफ होगी।


















Comments