अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, शहर को जाम से राहत देने की कार्रवाई तेज
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Apr 6
- 2 min read

दुमका। शहर को स्वच्छ और जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया। लंबे समय से चेतावनी के बावजूद सरकारी जमीन खाली नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई, जिससे शहर की सड़कें अपेक्षाकृत चौड़ी नजर आने लगीं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

पहले दी गई थी चेतावनी, फिर हुई कार्रवाई
नगर परिषद द्वारा पिछले तीन दिनों से दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी, लेकिन अनदेखी के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए जेसीबी से अवैध निर्माणों को हटवा दिया। विशेष रूप से वीर कुंवर सिंह चौक क्षेत्र में वर्षों से कब्जा जमाए दुकानों पर कार्रवाई कर उन्हें पूरी तरह हटाया गया।

कार्रवाई की निष्पक्षता पर उठे सवाल
अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों ने पक्षपात का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जहां छोटे दुकानदारों के अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई, वहीं बड़े स्तर पर नालियों के ऊपर बने स्थायी निर्माणों को नजरअंदाज किया गया। लोगों ने सवाल उठाया कि नगर परिषद के पास अमीन होने के बावजूद अतिक्रमण की पूर्व नापी और स्पष्ट चिन्हांकन क्यों नहीं किया गया।

नगर परिषद गेट से हुई शुरुआत, कई दुकानें हटाईं गईं
अभियान की शुरुआत नगर परिषद कार्यालय गेट से हुई, जहां वर्षों से सरकारी जमीन पर चल रही चाय दुकान को हटाया गया। इसके बाद जिला परिषद के सामने अस्थायी दुकानों को भी हटाया गया, जबकि वीर कुंवर सिंह चौक पर आधा दर्जन से अधिक दुकानों को खाली कराया गया, जिससे सड़क पर फैले सामान के कारण कुछ देर अफरा-तफरी भी रही।

कई दुकानदारों ने खुद हटाया अतिक्रमण, अभियान आंशिक रहा
अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने पहले ही अपना सामान समेट लिया, जिससे बलपूर्वक कार्रवाई सीमित रही। हालांकि बर्मा ज्वेलर्स के पास एक दुकान का स्लैब तोड़ने के दौरान विवाद होने पर टीम को जेसीबी के साथ लौटना पड़ा, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर आगे की कार्रवाई पहले दिन नहीं हो सकी।





Comments