श्रावणी मेला में दर्दनाक हादसा: कांवड़िया बस-ट्रक की टक्कर में 5 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 29
- 1 min read

श्रावणी मेला के दौरान देवघर जिले में भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव के समीप हंसडीहा-देवघर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह कांवड़ियों से भरी बस और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
इस हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए। घटना में 20 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि, आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने आधिकारिक रूप से अभी तक केवल 5 मौतों की पुष्टि की है।
घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मौके पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं में भय और बेचैनी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों और यात्रियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज किया गया।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
प्रशासन ने कहा है कि कई घायल अभी भी गंभीर स्थिति में हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा चुनौती
श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचते हैं। इस दौरान सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता होती है। यह हादसा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़ा कर रहा है।








Comments