सहिया के 33 पदों पर जल्द शुरू होगी नियुक्ति की प्रक्रिया
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jun 20, 2025
- 2 min read

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
दुमका। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में 20 जून को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, संक्रामक रोगों की रोकथाम, एम्बुलेंस की स्थिति एवं स्वास्थ्य केंद्रों में दवा उपलब्धता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सहिया के रिक्त पदों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में रिक्त 33 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दवाओं की कमी की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी दवाएं स्वास्थ्य केंद्रों में पहले से ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उपायुक्त ने टीकाकरण अभियान की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि नवजात शिशु के जन्म के साथ सभी आवश्यक टीके समय पर दिए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि ड्रॉपआउट शून्य सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक वैक्सीन अस्पतालों में उपलब्ध रहे। संस्थागत प्रसव को लेकर उपायुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाए ताकि प्रसव शत-प्रतिशत संस्थागत रूप से हो। उन्होंने कहा कि इससे माता और शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। पीएम-अभीम एवं 15वीं वित्त आयोग के तहत बने भवनों की स्थिति पर उपायुक्त ने कहा कि सभी भवनों की कार्यशीलता की रिपोर्ट चित्रों सहित कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

पीएचसी और सीएचसी में डेंगू की दवाएं उपलब्ध रहें: डीसी
दुमका। डेंगू की संभावित आशंका को देखते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी पीएचसी और सीएचसी में डेंगू की दवाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। कालाजार एवं टीबी जैसे संक्रामक रोगों की रोकथाम को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों की पहचान कर तत्काल उपचार शुरू किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें इलाज में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। कालाजार की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक उपाय शीघ्र करें। एम्बुलेंस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी एमओआईसी अपने-अपने प्रखंड में उपलब्ध एम्बुलेंस को क्रियाशील रखें। प्रत्येक प्रखंड में ममता वाहन की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। गोपीकांदर प्रखंड में ममjता वाहन के अभाव को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने शीघ्र वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।




Comments