गोड्डा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 23
- 2 min read

42 गाड़ियों की चोरी में लिप्त 5 अपराधी गिरफ्तार
दुमका। गोड्डा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर तीन दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का आरोप है। यह गिरोह झारखंड और बिहार में 42 मामलों में शामिल था जिसमें गोड्डा जिले में वाहन चोरी के चार मामले भी शामिल हैं। ये गिरफ्तारियां झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी के दौरान की गईं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महगामा एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम द्वारा, तकनीकी जांच और बिहार तथा पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से अंजाम दी गई।

इंजन और चेसिस नंबर को पंच कर बदल देते थे अपराधी
गिरफ्तार किये गये अपराधियों ने कबूल किया कि वे चोरी किए गए वाहनों का इंजन और चेसिस नंबर को पंच कर बदल देते थे और फिर नकली दस्तावेज तैयार कर उन वाहनों को बेचते थे। बाद में फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को ग्राहकों को बेच दिया जाता था। अपराधियों के पास से वाहन चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और कई वाहनों के नकली कागजात भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

कोडरमा, गिरिडीह व मुजफ्फरपुर के रहनेवाने वाले हैं गिरफ्तार अपराधी
गिरफ्तार किए गए अपराधियों में कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के नरायडीही गांव का अजय कुमार चौधरी (उम्र 33 वर्ष), गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के डोगोडीह गांव के संतोष कुमार (उम्र 30 वर्ष), लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र के अरघी गांव का चन्द्रशेखर कुमार ठाकुर और बिहार के मुजफ्फरपुर जिला का साजन कुमार (उम्र 31 वर्ष) एवं जितु श्रीवास्तव (उम्र 32 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं।
बरामद गाड़ियां व दस्तावेज
महिंद्रा कंपनी की दो सफेद रंग की पिकअप वैन
एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो
एक टाटा पंच कार
एक हुंडई कंपनी की बिना नंबर प्लेट वाली औरा कार
चोरी में उपयोग किए गए औजार
कई गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज एवं रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट








Comments