top of page

झारखण्ड के पूर्व मंत्री एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन को 7 वर्ष की सजा

ree

रांची के पूर्व एलआरडीसी कार्तिक प्रभात को भी सीबीआई कोर्ट ने सुनायी सजा

रांची। रांची सीबीआई की विशेष कोर्ट ने राज्य के पूर्व मंत्री एनोस एक्का, उनकी पत्नी मेनन एक्का और रांची के पूर्व एलआरडीसी कार्तिक प्रभात समेत अन्य दोषियों को अवैध रूप से जमीन की खरीद-बिक्री के मामले में सात साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने दोषियों पर जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि अगर दोषी जुर्माना की राशि जमा नहीं करते हैं तो अभियुक्तों को 1-1 वर्ष अतिरिक्त सजा काटनी होगी।

ree

सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन की खरीद बिक्री का मामला

सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन की खरीद बिक्री के 15 साल पुराने मामले में रांची सीबीआई की विशेष कोर्ट ने पूर्व मंत्री एनोस एक्का उनकी पत्नी मेनन एक्का, रांची के तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात समेत अन्य को शुक्रवार को दोषी करार दिया था। शनिवार को सभी दोषियों की सजा की बिंदु पर सुनवाई हुई। सभी दोषियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीबीआई कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। सीबीआई की ओर से विशेष लोक अभियोजक प्रियांशु सिंह ने कड़ी सजा देने का आग्रह किया।

ree

मार्च 2006 से मई 2008 के बीच बड़े पैमाने पर जमीन की थी खरीदारी

एनोस एक्का पर मंत्री रहते हुए पद का दुरुपयोग कर फर्जी पता का इस्तेमाल कर आदिवासी जमीन की खरीद बिक्री करने का आरोप था और तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात ने इसमें उनकी मदद की थी। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर जमीन की खरीदारी की गई थी। एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का के नाम से हिनू में 22 कट्ठा, ओरमांझी में 12 एकड़, नेवरी में 4 एकड़, चुटिया के सिरम टोली मौजा में 9 डिसमिल जमीन खरीदी गई थी। सभी जमीन की खरीदारी मार्च 2006 से मई 2008 के बीच की गई थी।

ree

पूर्व मंत्री के खिलाफ यह चौथा मामला जिसमें उन्हें दोषी करार दिया गया

सीबीआई द्वारा लगाए गए सभी आरोप कोर्ट में सिद्ध हो गए जिसके बाद आरोपियों को दोषी करार दिया गया। इससे पहले एनोस एक्का पारा टीचर हत्याकांड, मनी लॉन्ड्रिंग केस और आय से अधिक मामले में दोषी करार दिए जा चुके हैं। यह चौथा ऐसा मामला है, जिसमें उन्हें दोषी करार दिया गया है।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page