सरस्वती पूजा विसर्जन में हुड़दंग, पुलिस पर हमला

दुमका। सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान दुमका में कानून-व्यवस्था भंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। नगर निकाय चुनाव से पहले पूजा समितियों को मिले भारी चंदे के कारण प्रतिबंध के बावजूद कई स्थानों पर डीजे के साथ विसर्जन किया गया, जिससे शहर में कहीं हंगामा, कहीं मारपीट और कहीं हुड़दंग की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी और पहली बार नगर थाना पुलिस ने डीजे भी जब्त किया।

सरकारी कार्य में बाधा, सड़क पर अराजकता
नगर थाना क्षेत्र में विसर्जन के दौरान सड़क पर भीड़ द्वारा अव्यवस्था फैलाने और पुलिस के सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटना सामने आई। पुलिस अवर निरीक्षक रोहित साहू के बयान के अनुसार, 25 जनवरी 2026 की रात भीड़ ने सड़क पर जाम की स्थिति पैदा कर दी, जिससे यातायात और कानून-व्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद कुछ युवकों ने माहौल को और भड़काने का प्रयास किया।

पुलिस से गाली-गलौज और मारपीट
पुलिस के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि युवकों ने जानबूझकर भीड़ को उकसाकर माहौल बिगाड़ा और प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती दी। पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की।

तीन आरोपी चिन्हित, FIR दर्ज
पुलिस ने इस मामले में राजा कुमार यादव, राहुल दत्ता और संजय कुमार झा को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Comments