top of page

दुमका में सड़क हादसों की झड़ी: एक की मौत, नौ घायल


दुमका। जिले के विभिन्न प्रखंडों में शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर सड़क दुर्घटनाओं की श्रृंखला हुई। आधा दर्जन से अधिक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों में कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया है।


गोपीकांदर में दो बाइक की टक्कर, एक युवक की मौत


गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाइवे पर सिलंगी मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें मोहुलडाबर गांव निवासी रायसेन हेम्ब्रम (35), पिता लीलू हेम्ब्रम की मौत हो गई। बताया जाता है कि रायसेन फुटबॉल टूर्नामेंट देखकर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद दूसरा बाइक सवार फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक रायसेन सड़क किनारे तड़पते रहे। गोपीकांदर सीएचसी में चिकित्सक मौजूद नहीं रहने से एएनएम ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दुमका रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बाइक जब्त कर लिया है।


शिकारीपाड़ा: दो बाइक की भिड़ंत, दो युवक गंभीर


एनएच-114 पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव के पास दो बाइकों में टक्कर हो गई। इसमें नंगलभंगा गांव के रहने वाले सुनील हांसदा (20) और जीवन मरांडी (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दुमका रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों अचेतावस्था में हैं।

रानेश्वर: दो बाइक टकराए, तीन युवक व एक युवती घायल


रानेश्वर प्रखंड के मसानजोड़ के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान आनन्द किस्कू, जुलियश मरांडी (दिगलपहाड़ी), पूनम हेम्ब्रम (सूलोंगो) और लोबिन हेम्ब्रम (बाँसकुली) के रूप में हुई है।

एक युवक का पैर टूट गया, जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. नदिया नन्द मंडल ने प्राथमिक इलाज के बाद तीन को सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।

जामा: स्कूली छात्रा और बाइक सवार गंभीर


जामा पालाजोरी मुख्य मार्ग पर जामा प्लस-टू हाई स्कूल के पास एक बाइक ने छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में चिकनिया पंचायत के लोधना गांव की सुरुजमुनी टुडु (17) और बाइक चालक नितेश मुसुप (22, नकटी गांव) गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को पहले सीएचसी, फिर फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। छात्रा की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे रांची रिम्स ले गए हैं। वहीं बाइक चालक को पटना रेफर किया गया है। दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

गोपीकांदर: टेंपू-बाइक की टक्कर में युवक घायल


गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाइवे पर जीतपुर मोड़ के पास गोपीकांदर निवासी राजेश पंडित बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बताया गया कि गोड्डा से लौटने के दौरान दुर्गापुर हटिया से यात्री लेकर आ रही एक टेंपू ने उन्हें ठोकर मार दी। राजेश के हाथ और पैर में चोट आई है। सीएचसी गोपीकांदर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

इस प्रकार शुक्रवार को दुमका जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।




 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page