13 दिसंबर को दुमका आएंगे झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 21
- 2 min read

दुमका आगमन पर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के स्वागत की तैयारी तेज
दुमका। झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का 13 दिसंबर को दुमका दौरा प्रस्तावित है। इस दिन दुमका के कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा, जिसमें वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा वह हिजला स्थित संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण करेंगे और दुमका बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।

अधिवक्ता संघ की जीबी बैठक में स्वागत की रूपरेखा पर चर्चा
चीफ जस्टिस के स्वागत की तैयारियों को लेकर जिला अधिवक्ता संघ की सामान्य बैठक शुक्रवार को संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष निशिकांत प्रसाद ने की। महासचिव राकेश कुमार यादव ने स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा पर अधिवक्ताओं से सुझाव मांगे और सभी से शालीनता एवं अनुशासन के साथ चीफ जस्टिस का स्वागत करने की अपील की।

‘अच्छा व्यवहार ही अधिवक्ता की पहचान’ — अध्यक्ष निशिकांत प्रसाद
अध्यक्ष निशिकांत प्रसाद ने कहा कि अधिवक्ताओं का व्यवहार ही उनकी पहचान होता है और चीफ जस्टिस के स्वागत में यह संदेश सकारात्मक जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में न्यायाधीश और अधिवक्ता दोनों ही एक सिक्के के दो पहलू हैं, इसलिए दोनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सदस्यों से कार्यक्रम में सहयोग करने का अनुरोध किया।

निरीक्षण की तैयारी में जुटा न्यायालय परिसर
चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान 13 दिसंबर को सिविल कोर्ट, दुमका का निरीक्षण भी करेंगे। इसे लेकर न्यायालय परिसर की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में संयुक्त सचिव सोमनाथ दे, कोषाध्यक्ष बिमलेंदु प्रसाद, अधिवक्ता केशव मंडल, प्रेम कुमार, संजय झा, मिताली चटर्जी, मीलू रजक समेत कई सदस्य मौजूद थे।









Comments