हंसडीहा थानेदार को बर्खास्त करने की मांग
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 14, 2025
- 2 min read

सीपीआई ने प्रखंड मुख्यालय में किया धरना-प्रदर्शन
दुमका। जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के द्वारा पार्टी के नेता रामचंद्र हेंब्रम के नेतृत्व में प्रखंड सह अंचल मुख्यालय सरैयाहाट में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के कन्हाई माल ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि आज गरीबों को अपने हक और अधिकार के लिए भटकना पड़ रहा है। कर्मचारी, अधिकारी बिना पैसा लिए कोई काम नहीं कर रहे हैं। इसलिए आम आदमी को अब अपनी आवाज को उठाने के लिए आगे आना होगा। धरना प्रदर्शन के दौरान सीपीआई कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय में भ्रष्टाचार को समाप्त करने और हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद पर कई आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। सीपीआई ने प्रदर्शन के दौरान हंसडीहा थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की तख्ती लगा रखी थी।

बीडीओ को पार्टी के ओर से सौंपा ज्ञापन
पार्टी के द्वारा धरना के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा गया जिसमें भूमि बैंक को रद्द कर गैर मजूरवा जमीन का लगान कटना, आय, निवासी और जाति प्रमाण पत्र सुलभ तरीके से उपलब्ध कराना, मनरेगा पशु शेड में राशि की अवैध उगाही को बंद करना, राशन कार्ड से गरीबों के हटाए गए नाम को पुनः जोड़ना, कुरमाहाट से विदेशी शराब की दुकान को हटाने, किसानों का केसीसी लोन माफ करना, किसानों के लिए लैंप्स में गेहूं बीज उपलब्ध कराने सहित अन्य कई बिंदु शामिल थे। इस दौरान पार्टी के जिला मंत्री शंभू मोहली, रामचंद्र हेंब्रम, प्रवीण कापरी, शैलेन्द्र राय, पिंकी देवी, ममता देवी, मुनिलाल मोहली, रामजीवन मांझी आदि मौजूद थे।

बैठक में अनुपस्थित तीन निर्वाचन पर्यवेक्षक को स्पष्टीकरण
दुमका। जिले के सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल मुख्यालय सभागार में मंगलवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में मंगलवार को एस आई आर संबंधित केटेगरी सी एवं डी प्रपत्र तैयार करने को लेकर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल कुमार सानू की अध्यक्षता में निर्वाचन पर्यवेक्षकों की एक बैठक हुई। जिसमें निर्वाचन पर्यवेक्षकों को विस्तार पूर्वक एस आई आर संबंधित जानकारी दी गई। जो संबंधित बीएलओ से समन्वय स्थापित कर इसकी जानकारी शेयर करने का निर्देश दिया गया। वहीं इस बैठक में तीन निर्वाचन पर्यवेक्षक सुरेश गुप्ता, रविंद्र मंडल एवं राहुल रंजन अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण तीनों निर्वाचन पर्यवेक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है जिसे बुधवार को कार्यालय में आकर अपना जवाब देने को कहा गया है। अन्यथा अग्रतर कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारी को सूचित करने की चौतावनी दी गई। बैठक में निर्वाचन कम्प्यूटर आपरेटर परिमल कुमार एवं पंचायत सचिव सह निर्वाचन पर्यवेक्षक उपस्थित थे।





Comments