स्कूलों से चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, नौ गिरफ्तार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Aug 17
- 2 min read

20 मॉनीटर, 12 सीपीयू, 24 सोलर प्लेट समेत भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
दुमका। जामा और शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उन चोरों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो जिले के विभिन्न स्कूलों से स्मार्ट क्लास के कंप्यूटर और उपकरण चोरी कर रहे थे। पुलिस ने इस गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में 20 मॉनीटर, 12 सीपीयू, 24 सोलर प्लेट, एलसीडी टीवी, यूपीएस, बैटरी, प्रिंटर, माउस, कीबोर्ड, स्टेबलाइजर, 6 स्मार्टफोन, 19 जर्सी और एक अल्टो कार शामिल है। सभी आरोपियों को रविवार देर रात कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस की सख्त निगरानी
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि स्कूलों से लगातार कंप्यूटर चोरी की घटनाओं के बाद एसडीपीओ विजय महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने उन स्कूलों पर नजर रखी जहां स्मार्ट क्लास संचालित हैं। शनिवार को जामा थाना पुलिस ने संदिग्ध कार में सवार 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गूगल से चुनते थे टारगेट
गिरफ्तार अपराधियों ने खुलासा किया कि वे गूगल सर्च से स्मार्ट क्लास वाले स्कूलों का पता लगाते थे। उसके बाद स्कूल की रेकी कर चोरी की योजना बनाते और घटना को अंजाम देते। पुलिस के अनुसार गिरोह चोरी के उपकरणों को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार अपराधी
विक्रम मंडल दृ मुड़ाबहाल, मुफस्सिल थाना
निवारण कुमार दृ केशियाबहाल, मुफस्सिल थाना
विमल कुमार मांझी दृ लताबर, मसलिया थाना
मो. सिराज मीर दृ कुमड़ाबाद, मुफस्सिल थाना
विनोद राय दृ सिरवाडीह, शिकारीपाड़ा थाना
इमान हेंब्रम दृ सिरवाडीह, शिकारीपाड़ा थाना
काजल मरांडी दृ सिरवाडीह, शिकारीपाड़ा थाना
स्टेफन हांसदा दृ सिरवाडीह, शिकारीपाड़ा थाना
राजेश हांसदा (गिरोह का सरगना) दृ सिरवाडीह, शिकारीपाड़ा थाना
पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तार आरोपी 20 से 25 वर्ष की उम्र के हैं और पहली बार अपराध की दुनिया में कदम रखे हैं।








Comments