सिर कटे शव की हुई पहचान, पश्चिम बंगाल से जुड़ा मौत का तार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 3, 2025
- 2 min read

दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मलूटी पंचायत भवन के समीप शुक्रवार को बरामद सिर कटे शव की पहचान हो चुकी है। मृतक की पहचान रूपलाल हांसदा (उम्र - 20 वर्ष) के रूप में हुई है जो शिकारीपाड़ा के मलूटी पंचायत के ही परतापुर गांव का निवासी था। डेड बॉडी की पहचान उसके परिजनों ने की है। मृतक के भाई ने पुलिस कुछ जानकारी दी है।

पश्चिम बंगाल में एक लड़की के साथ रहता था
मृतक के भाई ने बताया है कि रूपलाल पिछले छह माह से पश्चिम बंगाल में एक लड़की के साथ रह रहा था, जिसके बारे में भी घरवालों को भी पूरी जानकारी नहीं है। रूपलाल लगभग डेढ़ - दो माह पूर्व अपने गांव परतापुर आया था लेकिन घर में उसने किसी से बातचीत भी नहीं की और फिर उसी दिन वह लौट गया। शुक्रवार को उसका शव मिलने की सूचना मिली।

पेड़ से लटका था सिर तो जमीन पर था धड़
परिजनों का कहना है कि वह यहां क्यों आया, कैसे उसकी मौत हुई उसके बारे में वे कुछ नहीं कह सकते। इधर शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस हर दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि दुमका जिले के मलूटी पंचायत भवन के समीप और उप स्वास्थ्य केन्द्र के पीछे लोगों ने एक पेड़ पर लटकता एक युवक का सर देखा। उसका धड़ वहीं नीचे गिरा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

एक माह पूर्व की थी आत्महत्या
इस पूरे मामले में शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा का कहना है शव पूरी तरह से खराब हो चुका है जिससे यह पता चलता है कि मौत लगभग एक माह पूर्व हुई है। उन्होंने बताया कि घरवालों का कहना है कि वह गुमसुम रहता था किसी से बात नहीं करता। परिजनों ने रूपलाल के द्वारा आत्महत्या करने की बात कहीं है।





Comments