सिंचाई कूप में वृक्षारोपण देख कर चौंक गये डीडीसी
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 17, 2025
- 2 min read

डीडीसी ने जामा प्रखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं का किया निरीक्षण
दुमका। दुमका के उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ,ाुक्रवार को जामा प्रखंड अंतर्गत भैरवपुर पंचायत भवन एवं कोल्हुआ गांव में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं कें निरीक्षण के दौरान एक सिंचाई कूप को देख कर चौंक गये। इस कूप में पेड़ उग गये थे। लाखों की लागत से बने इस सिंचाई कूप के पानी से एक मूली तक नहीं उगाई गयी थी। बहरहाल उप विकास आयुक्त ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लाभुकों की सहभागिता की विस्तार से जानकारी ली।

पंचायत भवन के रंगाई पुताई का दिया निर्देश
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने पंचायत सचिवालय भैरवपुर का जायजा लिया जहां पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक एवं पंचायत सहायक उपस्थित थे। उप विकास आयुक्त ने पंचायत सचिव को पंचायत भवन की स्वच्छता एवं सभा भवन की रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीडीसी ने बरमसिया गांव में लघु कंपोस्ट योजना का स्थल जांच किया। साथ ही रोजगार सेवक को मनरेगा से संबंधित अभिलेखों का नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बरमसिया गांव में समर राय एवं सुमेश्वर राय के आम बागवानी कार्यों का भी निरीक्षण किया।

आंगनबाड़ी केंद्र कोल्हुआ का भी किया निरीक्षण
डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र कोल्हुआ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों की उपस्थिति पंजी की जांच की गयी तथा पोषण वाटिका को बेहतर ढंग से विकसित करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ का निरीक्षण करते हुए विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक वातावरण की समीक्षा की गयी।

बारा पलासी के तातलोई गर्म जलकुंड का भी निरीक्षण किया
अंत में जेएसएलपीएस द्वारा भैरवपुर में संचालित लिफ्ट इरिगेशन योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान मोटर खराब पायी गयी। इस पर बीपीएम को मोटर की मरम्मत शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया। इसके पश्चात पलासी पंचायत स्थित तातलोई गर्म जलकुंड का भी निरीक्षण किया गया। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ विवेक किशोर, बीपीओ सीताराम मुर्मू, सहायक अभियंता गुंजन राज, कनीय अभियंता बिष्णु राज, पंचायत सचिव गौरव कुमार समेत रोजगार सेवक, पंचायत सहायक मौजूद थे









Comments