शरीर को रोगमुक्त तथा मानसिक संतुलन बनाता है योग: कर्नल अनिल कुमार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Aug 27, 2025
- 2 min read

4 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर ने कैडेट्स को कराया योगाभ्यास
दुमका। “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है” इस तथ्य को चरितार्थ करते हुए 4 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी दुमका के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल कुमार के नेतृत्व में बुधवार को एनसीसी कैम्प में योग सत्र का आयोजन किया गया। सत्र की शुरुआत वार्म-अप अभ्यासों से की गई, जिसके बाद कर्नल अनिल ने कैडेट्स को विभिन्न योगासन कराए। इनमें ताड़ासन, वृक्षासन, पद-हस्तासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, दंडासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशांकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतु बंधासन, उत्तान पादासन, पवनमुक्तासन, शवासन, अर्ध हलासन तथा हलासन प्रमुख रहे। सभी आसनों को करते समय कैडेट्स को उनके शारीरिक लाभ, सही तकनीक और मानसिक एकाग्रता पर विशेष जानकारी दी गई।

लाफ्टर योग का कैडेट्स ने लिया सबसे अधिक आनंद
दुमका। योग सत्र का दूसरा चरण प्राणायाम को समर्पित रहा। इस दौरान कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्राणायाम के माध्यम से कैडेट्स को श्वास-प्रश्वास की तकनीकों, शरीर को रोगमुक्त रखने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया गया। सत्र के अंतिम चरण में लाफ्टर योग कराया गया, जिसे कैडेट्स ने सबसे अधिक आनंद और उत्साह के साथ किया। इस अभ्यास से पूरे वातावरण में ऊर्जा, सकारात्मकता और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला। कर्नल अनिल कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम ही नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा को जोड़ने वाला एक संपूर्ण साधन है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक रोगों से मुक्ति मिलती है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है और जीवन में अनुशासन तथा आत्मविश्वास की वृद्धि होती है।

अंतर कंपनी फायरिंग प्रतियोगिता में डेल्टा कंपनी बनी विजेता
दुमका। एनसीसी कैम्प के दौरान दुमका के नकटी पहाड़ी फायरिंग रेंज में अंतर कंपनी फायरिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। पिछले तीन दिनों से चल रही स्मॉल आर्म्स फायरिंग के अभ्यास के बाद इस प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक कंपनी से श्रेष्ठ निशानेबाज कैडेट्स का चयन किया गया। प्रतियोगिता में 8-8 कैडेट्स प्रति कंपनी की भागीदारी रही। कुल मिलाकर 32 कैडेट्स, जिनमें 16 जूनियर विंग और 16 सीनियर विंग के कैडेट्स शामिल थे, पूरे जोश और समर्पण के साथ मैदान में उतरे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद डेल्टा कंपनी विजेता घोषित हुई जबकि ब्रावो कंपनी उपविजेता रही।

सीनियर विंग में एसपी महिला कॉलेज, दुमका की सिलवंटी मरांडी सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज
दुमका। सीनियर विंग व्यक्तिगत प्रतियोगिता में एसपी महिला कॉलेज, दुमका की कैडेट सिलवंटी मरांडी सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज बनीं। दूसरा और तीसरा स्थान क्रमशः आरडीबीएम कॉलेज, देवघर की कैडेट मुस्कान कुमारी एवं कैडेट खुशी कुमारी ने प्राप्त किया। जूनियर विंग प्रतियोगिता में हाई स्कूल हथियापाथर के कैडेट सोनाधन हांसदा ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से जीडाटो गर्ल्स हाई स्कूल, पाकुड़ की कैडेट सोनाली मुर्मू और संत टेरेसा हाई स्कूल, दुमका की कैडेट बेरोनिका हेम्ब्रम रहीं। तृतीय स्थान पर संत टेरेसा हाई स्कूल, दुमका की कैडेट दिया टुडू रहीं। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल कुमार ने विजेता कंपनी और व्यक्तिगत विजेताओं को बधाई दी।









Comments