रामनवमी को लेकर दुमका में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 25
- 1 min read

विभिन्न प्रखंडों में निकाला गया फ्लैग मार्च
दुमका। रामनवमी पर्व को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने और नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

गोपीकांदर में थाना प्रभारी के नेतृत्व में मार्च
गोपीकांदर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत के नेतृत्व में खरौनी बाजार में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत थाना को दें और आपसी भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी।

सरैयाहाट में एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा
सरैयाहाट में एसडीपीओ अमित कुमार कश्यप के नेतृत्व में थाना से चरकापाथर, मुख्य चौक, बस स्टॉप, अस्पताल, पंचायत भवन और ककनियां तक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान लोगों से निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार जुलूस निकालने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।

रानेश्वर में भी प्रशासन रहा सक्रिय
रानेश्वर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह के नेतृत्व में आसनबनी और रानेश्वर बाजार में फ्लैग मार्च किया गया। इसमें बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा सहित प्रखंड के अन्य कर्मी भी शामिल रहे।

गाइडलाइन का पालन करने की अपील
प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की कि रामनवमी पर्व को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





Comments