top of page

रात 10 बजे के बाद डीजे बंद, नियम तोड़ा तो होगी सख्त कार्रवाई

समारोह स्थल होगा सील, डीजे व वाहन जब्त, आयोजकों पर प्राथमिकी

दुमका। शादी-विवाह के मौसम में डीजे की तेज आवाज से आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन अब सख्त हो गया है। देर रात तक बजने वाले डीजे से बुजुर्गों, बीमारों और आसपास के निवासियों को लगातार समस्या हो रही थी। न्यायालय के आदेशों के बावजूद ध्वनि प्रदूषण को लेकर शिकायतें बढ़ने के बाद दुमका के एसडीओ कौशल कुमार ने डीजे संचालकों, कम्युनिटी हॉल/मैरेज हॉल संचालकों और क्षेत्र के थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि रात दस बजे के बाद किसी भी प्रकार के डीजे या साउंड सिस्टम का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन होने पर आयोजक, डीजे मालिक और आयोजन स्थल संचालक पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। डीजे सेट और वाहन को जब्त कर लिया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर विवाह भवन को भी सील कर दिया जाएगा।

घर में होने वाले शादी समारोह भी नियमों के दायरे में

एसडीओ ने बताया कि यह नियम सिर्फ विवाह भवनों पर ही लागू नहीं होगा, बल्कि घर पर होने वाले शादी समारोहों में भी इसका पालन अनिवार्य है। सोमवार की रात शहर के विभिन्न इलाकों में कई शादियों में डीजे की तेज आवाज से शहरवासी परेशान हुए और टोल फ्री नंबर व अधिकारियों के मोबाइल पर लगातार शिकायतें पहुंचीं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिले में रात दस बजे के बाद किसी भी तरह के म्यूजिक सिस्टम के उपयोग पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। रात दस बजे से पहले म्यूजिक सिस्टम चलाया जा सकता है, लेकिन उसकी ध्वनि मात्रा सीमित होनी चाहिए ताकि किसी अन्य व्यक्ति को परेशानी न हो। नियम तोड़ने पर आयोजक के साथ-साथ वर-वधू पक्ष पर भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

डीजे बुकिंग से पहले ही बताएं नियम

बैठक में एसडीओ ने डीजे संचालकों से कहा कि वे बुकिंग लेने से पहले ग्राहकों को नियमों की जानकारी दे दें। यदि कोई व्यक्ति इन नियमों का पालन करने से मना करे, तो उसकी बुकिंग स्वीकार नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आदेश हाई कोर्ट के पूर्व निर्देशों के अनुपालन में जनहित को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, दुमका सीओ अमर कुमार, नगर थाना प्रभारी जगन्नाथ धान तथा मुफस्सिल थाना प्रभारी कुमार सत्यम उपस्थित थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page