top of page

महासप्तमी पर खुला पट, मां दुर्गा की पूजा के लिए उमड़े लोग


बेलबरन अनुष्ठान से हुई दुर्गा पूजा की शुरुआत, कलश स्थापित कर प्रतिमाओं में की गई प्राण प्रतिष्ठा

दुमका। शारदीय नवरात्र के माहसप्तमी को सभी दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में सोमवार को धार्मिक अनुष्ठान के साथ कलश स्थापित किया गया तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्रतिमाओं के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे पहले शहर के विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के द्वारा ढोल-ढाक और शंख ध्वनि के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें शामिल लोग माथे पर कलश और कांधे पर डोली लिए बड़ा बांध तालाब पहुंचे, जहां पंडितों की देख-रेख में बेलभरनी पूजा कर कलश में जल भरा गया तथा मां को डोली में बिठाकर पूजा मंडल में लाया गया। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान के साथ कलश स्थापित कर प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही मां दुर्गा के सप्तमी पूजा प्रारंभ हो गई। पश्चिम बंगाल से सटे होने के कारण उपराजधानी दुमका में दुर्गा पूजा बड़ी धूमधाम से मनाई जाती है। शारदीय नवरात्र पर होने वाली मां जगत जननी दुर्गा पूजा के लिए शहर में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर भव्य और आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। कलश आगमन के साथ मां दुर्गा की पूजा अर्चना का शुभारंभ हो गया, जो चार दिनों तक चलेगा। सुबह से ही लोग मां दुर्गा के आगमन को लेकर उत्साहित नजर आये। खास तौर पर महिलाओं में काफी उत्साह और उमंग देखने को मिली। उन्होंने ढाक की ताल पर नाचते-गाते हुए मां दुर्गा का स्वागत किया।

महासप्तमी को मां के कालरात्रि स्वरूप की हुई पूजा

महासप्तमी को मां के सप्तम स्वरूप कालरात्रि की आराधना की गई। मां के इस स्वरूप की पूजा अर्चना के लिए शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रों और दुर्गा सप्तशती के पाठ तथा ढोल-ढाक और शंख ध्वनि एवं भजन आरती से यहां हर तरह भक्ति का माहौल हैं। पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी हैं। महासप्तमी को कपड़ा, जुता-चप्पल औश्र पूजन सामग्री एवं फल आदि की खरीदादारी के लिए बाजार में काफी भीड़ देखी गयी।

स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही यज्ञ मैदान पूजा समिति

दुमका। इस वर्ष दुमका की यज्ञ मैदान दुर्गापूजा समिति आयोजन का 50 वर्ष यानि स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है। इसलिए इसका पंडाल इसबार स्वर्ण के रंग का बनाया गया है। भव्य पंडाल के अंदर भव्य दुर्गा प्रतिमा के अलावा दुर्गा माता के नौ रूपों को भी प्रदर्शित किया गया है। दुर्गापूजा में लोग प्रतिमाओं को देखने के बाद यज्ञ मैदान में रूकते हैं वहां लगे दुकानों में खाते-पीते हैं। इस बार यज्ञ मैछान पूजा समिति के द्वारा बेहतर तरीके से यहां स्टॉल बनवाये गये हैं जिनमें दुमका के फेमस चाट, आईसक्रीम, फास्ट फूड आदि की दुकानें लग गयी हैं। बच्चों के लिए तारामाची और नौका झूला भी लगा है। यहां दुर्गापूजा और मेला 11वें दिन भी रहता है और उस दिन ग्रीस लगरे रोले से घड़ा उतारने की प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।

दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दुमका जिले में दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पिछले 15 दिनों से जिला प्रशासन इसकी व्यवस्था में लगा हुआ है। जिले के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और एसपी पीतांबर सिंह खेरवार खुद व्यवस्था की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। सभी पूजा-पंडालों में सुरक्षा बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है और पुलिस बल को तैनात किया गया है। बाइक से पुलिस बल के जवान शहर एवं पूजा पंडालों की पैट्रोलिंग कर रहे हैं।

महिला पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई

पूजा कमिटियों को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे सीसीटीवी का इंतजाम बेहतर तरीके से करें। साथ ही जो भी समिति के सदस्य हैं और वोलेन्टीसर हैं, वे आई कार्ड के साथ पंडाल में मौजूद रहें। चोर उचक्कों, मनचलों और पॉकेट मारो को पकड़ने के लिए सादी वर्दी में सुरक्षा बल तैनात किया गया है। इसमें महिला पुलिस बल की भी ड्यूटी लगाई गई है। यातायात की दुरुस्त व्यवस्था के लिए पूरे शहर में बड़ी गाड़ियों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। शहर के मुख्य बाजार जानेवाले रास्तों पर बैरियर लगाकर तीन पहिया व चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है।

ग्रामीण इलाकों में भी दुर्गापूजा की धूम

गोपीकांदर। महासप्तमी को लेकर गोपीकांदर और खरौनी बाजार के मंदिरों के पट खुले। माता के पट खुलते ही भक्तों की भीड़ जुट गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह नजर आया। गोपीकांदर और खरौनी बाजार में दुर्गा पूजा बड़ी धूमधाम से मनाई जाती है। गोपीकांदर में पंडित उत्तम हाजरा और बिट्टू हाजरा ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा आरंभ किया। शारदीय नवरात्र पर होने वाली मां जगत जननी दुर्गा पूजा के लिए खरौनी बाजार और गोपीकांदर में भव्य पंडाल का निर्मित किया गया है। सोमवार को माता रानी के भक्त ढोल-ढाक के साथ मंदिरों के कलश के लिए जलाशयों से पूरी निष्ठा के साथ बेलभरणी की का रश्म पूरी की गई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष पंकज मंडल, विजय गुप्ता, मुकेश पाल, रोहित साह, प्रीतम कुमार, खरौनी बाजार में संतोष पंडित, श्रीमंत दास, मनोज साह, अमित सिंह, रोहित मंडल आदि शामिल थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page