top of page

मंडप से पहले दूल्हा हुआ फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन दर्जन बारातियों को बनाया बंधक

शादी की खुशियां बदलीं तनाव में

दुमका। रामगढ़ प्रखंड के मजडीहा गांव में शादी की खुशियां उस समय तनाव में बदल गईं जब मंडप तक पहुंचा दूल्हा विवाह से पहले ही अचानक फरार हो गया। शहनाई की गूंज के बीच मंडप पर बैठी दुल्हन को अंततः शादी का जोड़ा उतारना पड़ा। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया।

देवघर से आई थी बारात

जानकारी के अनुसार मजडीहा गांव निवासी अरविंद ठाकुर की बेटी की शादी देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के मोहबंदिया गांव निवासी राम भरोशा ठाकुर, पिता स्व. जयदेव ठाकुर के साथ तय हुई थी। 13 मार्च को विवाह की तिथि निर्धारित थी और तय समय पर बारात भी गांव पहुंच गई थी।

मंडप के पास से अचानक भाग गया दूल्हा

बताया जाता है कि बारात गांव की दहलीज तक पहुंच चुकी थी और विवाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच दूल्हा अचानक वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही लड़की पक्ष और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों ने बारातियों को गांव में रोका

दूल्हे के भाग जाने से नाराज ग्रामीणों ने बारात में आए करीब तीन दर्जन महिला-पुरुषों को गांव में ही रोक लिया। इससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और गांव में काफी भीड़ जुट गई।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी

घटना की सूचना मिलने पर शनिवार सुबह हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण दूल्हे को गांव बुलाने की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास जारी था।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page