बायोमेट्रिक में हाजरी नहीं बनानेवाले 21 मास्टर साहब पर होगी कार्रवाई, डीसी ने दिया निर्देश
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 13, 2025
- 2 min read

जय गुरुजी ऐप पर पाठ्यक्रम की स्थिति अपलोड करने वाले उत्कृष्ट शिक्षक होंगे सम्मानित
दुमका। समाहरणालय स्थित अपने कक्ष में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी शिक्षक अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करेंगे। जानकारी दी गई कि वर्तमान में 21 शिक्षक उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। उपायुक्त ने ऐसे चिह्नित शिक्षकों को स्पष्टीकरण पूछने एवं कार्रवाई करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक जय गुरुजी ऐप पर पाठ्यक्रम की स्थिति अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे। जो शिक्षक ऐसा नहीं कर रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक एवं बच्चों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित करने की पहल की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी देवेश कुमार सिन्हा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम सुंदर मोदक, विभाष चंद्र महतो, रंजन डॉन, सुबल चंद्र कपूर, सूरज पांडे, तारक नाथ, एस्थर मुर्मू सहित सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।

पिछड़े क्षेत्रों में एडल्ट एजुकेशन नियमित करने के निर्देश
दुमका। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जन चेतना केंद्र के माध्यम से सुदूर एवं पिछड़े क्षेत्रों में एडल्ट एजुकेशन नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि लोगों को हस्ताक्षर करने से लेकर आवश्यक जीवनोपयोगी ज्ञान मिल सके। उन्होंने मिड डे मील योजना में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं मानक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले किताब, नोटबुक, बैग आदि का शत-प्रतिशत वितरण बच्चों के बीच सुनिश्चित करने को कहा। सभी विद्यालयों में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल आयोजित करने का भी निर्देश दिया।

हर महीने 12 विद्यालयों से कम का निरीक्षण करने वाले बीईईओ पर होगी कार्रवाई
दुमका। उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी प्रत्येक माह न्यूनतम 12 विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। कम निरीक्षण करने वाले पदाधिकारियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बीआरपी एवं सीआरपी भी विद्यालय का निरीक्षण प्रत्येक माह करेंगे। इसके अलावा, सीआरपी के कार्यों की रैंडम जांच एवं शिक्षकों की उपस्थिति की वीडियो कॉल मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

आधार और जन्म प्रमाण पत्र प्रक्रिया तेज करने पर जोर
दुमका। बैठक में जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल एवं तेज करने, प्रखंड स्तर पर आधार निर्माण कार्य में तेजी लाने, जर्जर विद्यालय भवनों की सूची तैयार कर उन्हें ध्वस्त करने तथा हाइवे किनारे स्थित विद्यालयों में चारदीवारी अथवा कांटेदार तार लगाने की दिशा में भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि राज्य द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में जिले की स्थिति पीछे रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी प्रभाग प्रभारी अपने-अपने कार्यों में तेजी लाएँ।





Comments