बाबा दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन का सपना पूरा हुआ: विधायक बसंत सोरेन
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 24
- 3 min read

कहा उप-राजधानी दुमका में सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी
दुमका। दुमका एयरपोर्ट में आयोजित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट दुमका के उद्घाटन कार्यक्रम में दुमका विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि यह दिन दुमका और पूरे संताल परगना के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व बाबा दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन ने इस संस्थान की आधारशिला रखी थी। उनका सपना था कि यहाँ के आदिवासी और मूलवासी बच्चे उत्कृष्ट शिक्षा और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करें, और आज वह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। अबुआ आवास, महिला सशक्तिकरण सहित कई जनहितकारी योजनाएँ आज राज्य भर में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि उप-राजधानी दुमका में वह सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी, जो उप-राजधानी में होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द निर्माणाधीन रानेश्वर-मसलिया मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का कार्य पूरा हो जाएगा, जिससे किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुँच सकेगा।

युवाओं के लिए नए अवसरों का नया दौर शुरू: सांसद नलिन सोरेन
दुमका। दुमका लोकसभा क्षेत्र के सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि यह दिन दुमका के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का क्षण है। आज झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के उद्घाटन होने से यहाँ के युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा झारखंड राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। उनकी इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि निर्माणाधीन रानेश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का कार्य अब पूर्णता की ओर है। बहुत जल्द रानेश्वर एवं मसलिया प्रखंड के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री लगातार प्रयासरत हैं। निश्चित रूप से झारखंड विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

फ्लाइंग इंस्टीट्यूट दुमका के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि: लुईस मरांडी
दुमका। जामा विधायक श्रीमती लुईस मरांडी ने कहा कि दुमका में फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन पूरे जिले और राज्य के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का हर गांव और हर शहर निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की महिलाएँ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि जब हर नागरिक अपनी भूमिका निभाएगा, तब झारखंड को नई ऊँचाइयों तक पहुँचने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि राज्य की तरक्की में सभी का सहयोग आवश्यक है।

फ्लाइंग इंस्टीट्यूट एक समय के सपने का वास्तविक रूप: प्रदीप यादव
दुमका। पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि आज हम सभी एक ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा कि एक समय गांवों में स्कूल, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएँ भी उपलब्ध नहीं थीं। लेकिन आज दुमका में फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन हो रहा है, यह स्वयं में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान युवाओं को उड़ान प्रशिक्षण का अवसर देगा। पहले जिस प्रशिक्षण के लिए युवाओं को करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ते थे, आज वही प्रशिक्षण दुमका में कम लागत और बेहतर सुविधाओं के साथ उपलब्ध होगा। यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

दुमका का सपना अब पंख फैलाकर उड़ान भर रहा है: जॉयस बेसरा
दुमका। जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती जॉयस बेसरा ने कहा कि यह दिन हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का है। झारखंड राज्य अपने 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है। उन्होंने कहा कि कभी रेलगाड़ी का सपना देखने वाला यह दुमका आज हवाई जहाज़ की उड़ानें देख रहा है, जो प्रदेश की प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच और उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।









Comments