बाइक से नगर परिषद पहुंचे अध्यक्ष, जनसमस्याएं सुनीं; 4 दिन में समाधान का भरोसा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 23
- 2 min read

अध्यक्ष ने खुद संभाली व्यवस्था, सीधे सुनी लोगों की शिकायतें
दुमका। दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया रविवार को बाइक से कार्यालय पहुंचे और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा देते हुए 4 दिनों के भीतर समाधान का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद की व्यवस्था को सुधारना उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
शहर में गंदगी, पानी और लाइट की समस्या गंभीर
अध्यक्ष ने कहा कि शहर में गंदगी का अंबार लगा है, पेयजल की भारी किल्लत है, स्ट्रीट लाइट खराब हैं और चापाकल भी काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद की व्यवस्था को चरमराई हुई बताते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि मात्र 15 मिनट में चार शिकायतें मिलीं, जिनमें सड़क-नाला निर्माण और आवास योजना से जुड़े मामलों पर तत्काल निर्देश दिए गए।

नक्शा पास प्रक्रिया पर जांच के निर्देश
भवन नक्शा पास करने में गड़बड़ी की शिकायतों पर अध्यक्ष ने टाउन प्लानर से सभी फाइलें मंगाकर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने पूछा कि अब तक कितने नक्शे पास हुए और कितने लंबित हैं तथा स्वीकृत नक्शों के अनुसार निर्माण हो रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती के लिए 5 टीमों का गठन
शहर की खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करने के लिए अध्यक्ष ने बिजली मिस्त्रियों की 5 टीमों के गठन का आदेश दिया है। सभी टीमों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और नियमित कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
टैक्स वसूली और जनहित कार्यों पर सख्त रुख
जलकर और टैक्स वसूली में सुस्ती पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए पहले सरकारी बकायेदारों से वसूली का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद ही वसूली की प्राथमिकता तय करेगा। साथ ही जनहित कार्यों में देरी पर अधिकारियों को चेतावनी दी गई और कहा कि जरूरत पड़ने पर उच्च स्तर तक कार्रवाई की जाएगी। 28 मार्च को होने वाली बोर्ड बैठक में नगर परिषद की आवश्यकताओं और कर्मियों पर भी निर्णय लिया जाएगा।











Comments