बगैर हेलमेट बाइक चला रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 9
- 2 min read

गबरामोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर ही दोनों की गई जान
दुमका। साहिबगंजदृगोविंदपुर मुख्य मार्ग पर मसलिया थाना क्षेत्र के गबरामोड़ के पास रविवार की देर शाम करीब 5 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मारे गए दोनों युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे।

दुमका जा रहे थे दोनों युवक, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
दुमका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक विकास राणा (25 वर्ष), पिता जयदेव राणा और बिशु राणा (40 वर्ष), पिता हिरालाल राणा, दोनों रानीघाघर पंचायत अंतर्गत बेलियाडीह गांव के निवासी थे। दोनों युवक अपनी ग्लैमर बाइक (संख्या श्रभ् 04 श्र 7105) से दुमका की ओर जा रहे थे, तभी दुमका की दिशा से आ रहे किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया।

गांव में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दुमका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचित किया। इधर मृतकों के गांव बेलियाडीह में जैसे ही यह खबर पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि विकास राणा पेशे से चालक था, जबकि बिशु राणा उसका रिश्तेदार था। दोनों किसी जरूरी काम से दुमका जा रहे थे।

एम्बुलेंस और पुलिस की देरी पर ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम
दुमका। घटना के बाद एम्बुलेंस और पुलिस टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों और परिजनों ने नाराजगी जताई। खबर लिखे जाने तक आक्रोशित ग्रामीणों ने साहिबगंजदृगोविंदपुर मुख्य पथ को जाम कर दिया था।

थाना प्रभारी ने की पुष्टि
दुमका। मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









Comments