फूड सेफ्टी ऑफीसर ने लिया खोवा, रसगुल्ला एवं पनीर का सैंपल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 18, 2025
- 1 min read

कहा मिलावट की पुष्टि होने पर की जाएगी विधिसम्मत कार्रवाई
दुमका। आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु गुरूवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुश्री अंजना रानी मिंज के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गिलानपारा स्थित मोनिका स्वीट्स के मिठाई कारखाना, दुधानी स्थित खुशबू जलपान मिठाई दुकान, दिलीप सेन नाश्ता एवं मिठाई दुकान तथा अग्रसेन भवन रोड स्थित सियाराम सॉल्ट दुकान की जांच की गई। इस दौरान खोवा, रसगुल्ला एवं पनीर का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजा गया है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अखबार या प्रिंटेड पेपर से ढक कर नहीं रखें: सुश्री अंजना
दुमका। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुश्री अंजना रानी मिंज ने खुद फ्राइंग ऑयल मॉनिटर से इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल की जांच की, जो मानक के अनुरूप पाया गया। पकौड़ी एवं चौप में औद्योगिक रंग का प्रयोग भी नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कारोबारियों को सख्त निर्देश दिया कि त्योहारों के समय प्रतिष्ठान की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें तथा खाद्य सामग्री को अखबारी कागज या प्रिंटेड पेपर में ढक कर बिक्री न करें। उन्होंने बताया कि जिले में मिलावट रोकथाम हेतु निरंतर जांच एवं छापामारी अभियान जारी रहेगा।






Comments