पंचम राज्य वित्त आयोग के चेयरमैन ने शिकारीपाड़ा जाकर देखी योजनाओं की हकीकत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 8, 2025
- 2 min read

पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों के साथ बैठक भी की
शिकारीपाड़ा/निज संवाददाता। पंचम राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को शिकारीपाड़ा प्रखंड में पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही स्थल पर जाकर कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के साथ यह चर्चा किया सरकार के द्वारा जनकल्याण के लिए जो राशि आती है उसका सर्वाेत्तम इस्तेमाल कैसे करें।

भिलाईपानी गांव केे विकास योजनाओं का निरीक्षण किया
अमरेंद्र प्रताप सिंह सर्वप्रथम शिकारीपाड़ा प्रखंड के कुशपहाड़ी पंचायत भवन पहुंचे। यहां उन्होंने पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों के साथ बैठक की। जिसमें कई विभागों के कर्मी भी मौजद थे। साथ ही परिसंपत्तियों का भी वितरण किया। जेएसएलपीएस का चेक प्रदान की। जरूरतमंदों के वृद्धा और विधवा पेंशन की स्वीकृति पत्र और स्कूली बच्चों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। बाद में वे भिलाईपानी गांव पहुंचे जहां उन्होंने विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें कहा कि गांव में कौन सी विकास योजना चलेगी, इसका निर्णय आप लोग मिलजुल कर ग्राम प्रधान के साथ करें।

जनता अपने अधिकारों को समझे ताकि मिलेगा योजना का लाभ
चेयरमैन ने शिकारीपाड़ा प्रखण्ड सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की जिसमें प्रखंड प्रमुख हुदू मरांडी,उप प्रमुख वाहिद अंसारी के साथ सभी मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, बीडीओ एजाज आलम, सीओ कपिल देव ठाकुर भी मौजूद थे। इस बैठक में भी इस बात पर सहमति बनी कि विकास योजना का समुचित लाभ जनता को प्राप्त हो। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर गवर्नेंस के लिए यह बहुत जरूरी है कि जनता अपने अधिकारों को समझे ताकि हम लोग सही योजना की डिलीवरी उन तक कर सके। उन्होंने कहा कि अब केंद्रीय आयोग के साथ-साथ राज्य आयोग की अनुशंसा पर भी राशि का वितरण किया जाएगा।









Comments