दुमका में सड़क हादसों की श्रृंखला, स्कूटी सवार युवक गंभीर, कई वाहन पलटे
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 25
- 1 min read

खतरनाक मोड़ पर स्कूटी सवार युवक घायल, रेफर
दुमका। दुमका-गोबिंदपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम करीब 4 बजे नवासार के समीप तीखे मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरने से पुनू मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में वे मौके पर ही बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस से फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख उन्हें बाहर रेफर कर दिया गया।

कारूडीह मोड़ पर कोयला लदा हाइवा पलटा
गोपीकांदर थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे स्थित कारूडीह मोड़ के पास कोयला लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक रामनाथ राय और खलासी दिनेश मुर्मू को हल्की चोटें आईं। चालक ने बताया कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से टक्कर से बचने के प्रयास में हाइवा सड़क किनारे कर दिया, जिससे वाहन पलट गया।

नलहच्ची पुल के पास चीनी लदा ट्रक पलटा
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के नलहच्ची पुल के समीप चीनी लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में खलासी को हल्की चोटें आईं, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

लगातार हादसों से लोगों में दहशत
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है। खासकर तीखे मोड़ों और व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं।

सुरक्षा उपायों की मांग तेज
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेतक लगाने, सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।





Comments