दुमका में बाईक सवार अपराधियों के पीछा करने से बढ़ाई स्पीड, फिर पलटी बोलेरो — तीन लोग घायल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 1
- 2 min read

दुमका। जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के बोगली मोड़ पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
अपराधियों के डर से बढ़ाई गई रफ्तार बनी हादसे की वजह
दुमका। बोलेरो चालक विशेश्वर कुमार ने बताया कि तीन अज्ञात बाइक सवार उनके वाहन का पीछा कर रहे थे। पीछा छुड़ाने के प्रयास में उन्होंने गाड़ी की गति बढ़ा दी, लेकिन बोगली मोड़ के पास तीखा घुमाव आने पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो सड़क किनारे पलट गई। गाड़ी पास के पेड़ से टकराकर वहीं फंस गई, जिससे सभी यात्रियों की जान बाल-बाल बची।
देवघर और बासुकीनाथ धाम से लौट रहे थे यात्री
दुमका। घटना स्थल पर मौजूद पेट्रोल पंप कर्मियों के अनुसार, बोलेरो में आठ से नौ यात्री सवार थे। सभी यात्री शाहकुंड थाना क्षेत्र के सतपहड़ी गांव के रहने वाले हैं और सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर देवघर व बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे।
तीन घायल, बाकी यात्री सुरक्षित
दुमका। बोलेरो में सवार यात्री फेकू तांती ने बताया कि सभी लोग दर्शन कर घर लौटने की तैयारी में थे, तभी बोगली मोड़ के पास हादसा हो गया। इस दुर्घटना में चालक और दो यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि बाकी यात्री सुरक्षित रहे।
स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता
दुमका। ग्रामीणों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों की मदद से घायलों को पास के स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सूचना मिलते ही जरमुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को सड़क से हटवाया।















Comments