दुमका के सरैयाहाट में मंदिर को अपवित्र करने को लेकर तनाव
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 12, 2025
- 2 min read

दुमका के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव से बड़ी खबर आ रही है। वहां काली मंदिर को अपवित्र करने को लेकर दो समुदायों में तनाव हो गया है। शुक्रवार की सुबह मंदिर पहुंचने पर पुजारी नीलकंठ ने देखा कि वहां गंदगी फैली हुई है। इसके बाद धीरे-धीरे वहां ग्रामीणों की भीड़ लगने लगी। लोग हंगामा करने लगे। दूसरे समुदाय के लोगों पर मंदिर को अपवित्र करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

एसडीपीओ, सीओ व पांच थानों की पुलिस कर रही कैम्प
दुमका। सूचना मिलने पर जरमुंडी के एसडीपीओ अमित कच्छप, सरैयाहाट के सीईओ राहुल कुमार सानू और सरैयाहाट, हंसडीहा, रामगढ़, तालझारी और जामा सहित पांच थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और वहां कैम्प कर रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोषा दिया है कि जिस किसी भी सरारती या असामाजिक तत्वों ने ऐसी करतुत की है, उनके उपर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों से लिखित आवेदन मांगा है।

प्रशासन ने मंदिर की साफ सफाई करवायी, मांगा आवेदन
दुमका। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने मंदिर में की गई गंदगी को साफ करवा दिया है और घटना को लेकर ग्रामीणों से आवेदन मांगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दूसरे समुदाय के लोगों ने ही मंदिर में मल-मूत्र किया है। ग्रामीण यह भी बता रहे हैं कि कुछ दिनों पूर्व मंदिर को तोड़ देने की धमकी दी गयी थी।

कब्रिस्तान जाने का भी है रास्ता, यही विवाद की वजह
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व एक कार्यक्रम के दौरान दूसरे समुदाय के द्वारा वहां झंडा लगा दिया गया था तब से विवाद है यह कब्रिस्तान जाने का भी रास्ता है जिधर से जनाजा को लेकर जाने से ग्रामीणों ने रोक दिया था उसके बाद से ही विवाद बढ़ गया है।





Comments