दुमका के बडा बांध कमिटी ने छठ पूजा के आयोजन से खुद को किया अलग
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 25, 2025
- 3 min read

छठ महापर्व को लेकर उपायुक्त के निरीक्षण के दौरान एसडीओ से हुआ विवाद बना वजह
दुमका। छठ महापर्व की तैयारी को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शनिवार को सहायक समाहर्ता प्रशिक्षु आईएएस नाजिस उमर अंसारी, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार, एसडीओ कौशल कुमार, एसी राजीव कुमार, नगर परिषद के प्रशासक शीतांषु खालको, दुमका सीओ अमर कुमार, एसडीपीओ आदि के साथ दुमका के खूटबांध, बड़ा बांध, रसिकपुर और दुधानी बड़ा बांध तालाब के छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था,अग्निशमन, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली एवं आवश्यक निदेश दिया। इस दौरान अनुमण्डल पदाधिकारी के तथाकतिथ अभद्र भाषा का प्रयोग एवं उनके उग्र व्यवहार के कारण बड़ा बांध छठ पूजा समिति द्वारा स्वयं को आयोजन से अलग करने का निर्णय लिया है।

पूजा कमिटि ने डीसी को ज्ञापन देकर कहा प्रशासन संभाले व्यवस्था
दुमका। इस बाबत उपायुक्त को दिये गये पत्र में समिति के सचिव ने बताया है कि उपायुक्त की उपस्थिति में अनुमण्डल पदाधिकारी के द्वारा बड़ा बांध छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग समिति के लिए अपमानजनक है। अनुमण्डल पदाधिकारी के इस अपमानजनक एवं अमर्यादित व्यवहार के कारण बड़ा बांध छठ पूजा समिति ने सर्वसम्मति से छठ पूजा आयोजन से खुद को अलग करने का स्पष्ट निर्णय लिया है। समिति ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है इस छठ पूजा का संचालन प्रशासनिक स्तर पर किया जाये। सचिव राम मंडल ने कहा कि प्रशासन की धमकी के बाद पूजा समिति ने छठ पूजा से अपने आप को अलग करने का निर्णय लिया है। छठ व्रती को कोई परेशानी न हो इसके लिए कमिटी खड़ी रहेगी लेकिन आयोजन नहीं करेगी। प्रेम केशरी ने कहा कि इस तरह के शब्द का प्रयोग नहीं होनी चाहिए. यथाशीघ्र प्रशासनिक पहल से यथास्थिति बनाने की पहल होनी चाहिए।

‘उठवा लेंगे’ शब्द पर भड़के बड़ा बांध छठ पूजा समिति के संरक्षक
दुमका। बड़ा बांध छठ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे जहां एसडीओ कौशल कुमार और छठ पूजा समिति के सचिव एवं संरक्षक आदि के बीच तकरार हो गई। तकरार की वजह बनी एक शब्द और वह शब्द है ‘उठवा लेंगे’। निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के जाते ही बड़ा बांध छठ पूजा समिति द्वारा पोखरा चौक पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान समिति के संरक्षक महेश राम चंद्रवंशी ने कहा कि कमिटी को सुरक्षा के मद्देनजर नगरपालिका द्वारा तालाब में किए गए बेरीकेटिंग पर आपत्ति है क्योंकि वह गहरे पानी में किया गया है जहां लोग डूब सकते है। डीसी ने बेरीकेटिंग स्थल पर आदमी को खड़ा कर गहराई का आंकलन किया और बेरीकेडिंग को आगे करने का निर्देश भी दिया। संरक्षक का आरोप है कि इसी बीच एसडीओ ने कमिटी के सचिव से छठ पूजा को लेकर उठाए जा रहे चंदा पर सवाल खड़े कर दिया और सबको उठवा लेने की धमकी दी।

अनुपयोगी बांस बल्ला उठवा लेने की कही बात: एसडीओ
दुमका। पूजा कमिटी के इस आरोप पर एसडीओ कौशल कुमार ने कहा कि ‘‘अगर कोई शब्दों को गलत ढंग से परिभाषित करे तो कुछ नहीं कहना। जहां तक उठवा लेने की बात है तो वह छठ घाट पर अनुपयोगी बांस बल्ला सहित अन्य सामान को उठवा लेने की बात उन्होंने कही है। प्रशासन हमेशा ही पूजा समिति और छठ व्रती के साथ मिलकर काम करता है। अगर कहीं कुछ त्रुटि है तो उसे प्रशासन के संज्ञान में दिया जाए ताकि समय से उसका समाधान हो सके. छठ पूजा सबके लिए है। प्रशासन पहले भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है इस बार भी लेगी।’’





Comments