top of page

दुमका के दुधानी टावर चौक स्थित होटल के कमरे से गोड्डा निवासी का शव मिलने से सनसनी

दुमका। शहर के दुधानी टावर चौक के पास स्थित होटल हिंदुस्तान से गोड्डा जिले के एक व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बोआरीजोर थाना क्षेत्र के सकरीकित्ता रामपुर निवासी सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने होटल के कमरे से शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कमरे में मौजूद महिला को पुलिस ने लिया हिरासत में

घटना के समय कमरे में मौजूद राधिका राय नामक महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक और महिला दोनों शादीशुदा हैं। पुलिस के अनुसार शव रात करीब 12:30 बजे बेड पर गमछे में लिपटा हुआ मिला, जबकि महिला वहीं मौजूद थी।

चार घंटे के भीतर हुई घटना, कई सवाल खड़े

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सादिक अंसारी बुधवार रात करीब 8:10 बजे महिला के साथ होटल में ठहरा था। करीब चार घंटे बाद ही कमरे से उसका शव बरामद हुआ। इस दौरान क्या हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है। घटना के बाद होटल संचालक सीसीटीवी बंद कर फरार हो गया, जिससे संदेह और गहरा गया है।

महिला ने दी तबीयत बिगड़ने की जानकारी

महिला के अनुसार सादिक खाना खाने के बाद कमरे में लौटा और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ देर तड़पने के बाद वह शांत हो गया। महिला ने बताया कि पहले उसे लगा कि वह सो गया है, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर उसने शोर मचाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। नगर थाना पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page