top of page

दुमका के डबल मर्डर कांड का अभियुक्त पाकुड़ का लोकेश मुर्मू गिरफ्तार

दबिया से की थी दंपत्ति की हत्या, प्रेमिका व उसकी छोटी बहन को किया था जख्मी

दोहरे हत्याकांड की सूचना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने मुखिया अभियुक्त को दबोचा

दुमका। दुमका पुलिस ने शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुन्दराफलान गांव में हुए डबल मर्डर कांड के नामजद मुख्य अभियुक्त लोकेश मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। वह पाकुड़ जिला के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पहरूबाना गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर हत्या के लिए इस्तेमाल किये गये धारदार हथियार दबिया को बरामद कर जप्त कर लिया है। गुरूवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में प्रस्तुत किया जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापामारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक सह शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा, शिकारीपाड़ा के पुलिस अवर निरीक्षक आनन्द हेम्ब्रम, पुलिस अवर निरीक्षक आशिष भारद्वाज, पुलिस अवर निरीक्षक सह गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत, पुलिस अवर निरीक्षक सह दिग्घी ओपी थाना प्रभारी अनुज कुमार, मुफ्फसिल थाना के पु0अ0नि0 नन्दन कुमार व रवि शंकर एवं आरक्षी अमित कुमार शामिल थे।

बेटी के बयान पर पुलिस ने दर्ज की थी नामजद प्राथमिकी

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि 02 सितम्बर की प्रातः चार बजे सूचना मिली थी कि शिकारीपाड़ा थानान्तर्गत सुन्दराफलान गांव में एक वृद्ध दम्पति की हत्या हो गई है। पुलिस जब सुन्दराफलान गांव पहुंची तो एक घर के आंगन में मंगली किस्कू, (53 वर्ष) और कमरे में साहेब हेम्ब्रम (58 वर्ष) दोनों पति-पत्नी का शव पाया गया। शव देखने से प्रतीत हुआ कि किसी धारदार हथियार से मारकर दोनों हत्या की गयी है। मृतक दम्पति की दो बेटी- हीरामणि हेम्ब्रम एवं बेनी हेम्ब्रम को भी जख्मी हालत में पाया गया। दोनों बहनों को इलाज हेतु सदर अस्पताल दुमका भेजा गया। प्रारंभिक अनुसंधान में यह हत्या हीरामनी हेम्ब्रम के मित्र लोकेश मुर्मू, जो पाकुड़ का रहने वाला बताया गया के द्वारा किया जाना प्रकाश में आया। सदर अस्पताल में इलाजरत हीरामणि हेम्ब्रम के फर्द बयान पर शिकारीपाड़ा थाना काण्ड संख्या-94/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।

लोकेश को बाएं हाथ में हथकड़ी लगाकर लाई थी पुलिस

पुलिस लोकेश मुर्मू के बाएं हाथ में हथकड़ी लगाकर उसे लाई थी। एसपी खेरवार ने बताया कि लोकेश मुर्मू दाएं हाथ से दिव्यांग है। कलाई के बाद उसका दायां हाथ नहीं है। वह लेफ्टी है। वह जब फेसबुक से लड़की से बात करता था या कोई फोटो भेजता था तो अपने उस हाथ को छिपा कर भेजता था जिस कारण लड़की और उसके माता-पिता को पहले लोकेश के दिव्यांग होने की जानकारी नहीं थी। लोकेश मुर्मू ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह हीरामुनी हेम्ब्रम से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था पर चुंकि वह एक हाथ से विकलांग था इसलिए लड़की के माता-पिता उसकी शादी अपनी बेटी हीरामणि हेम्ब्रम के साथ नहीं कर रहे थें, इसी आक्रोश में आकर उसने इस घटना को अंजाम दिया। दंपत्ति की हत्या के क्रम में जब उसकी प्रेमिका और छोटी बहन बीच में आयी तो उसने उन दोनों पर भी धारदार हथियार से वार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

दुमका से पाकुड़ व साहेबगंज तक भागता रहा हत्यारा

एसपी ने बताया कि दंपित्ति की हत्या करने के बाद लोकेश मुर्मू शिकारीपाड़ा क्षेत्र में ही जंगल इलाके में छिप गया। फिर वह भागते-भागते अपने मामा के घर और अपने घर पाकुड़ से लेकर साहेबगंज तक भागता रहा। कांड की गंभीरता को देखते हुए एवं अभियुक्त के फरार रहने के स्थिति में काण्ड के उद्भेदन एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गयी। गठित टीम द्वारा अभियुक्त लोकेश मुर्मू के छिपे होने की हर संभावित जगहों पर छापामारी की गई, इसी क्रम में 03 सितम्बर को अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। लोकेश मुर्मू ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page