जिला से छह लोग गये थे गोपीकांदर, दो यूनिट रक्त लेकर लौटे
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 19
- 2 min read

अधिकांश प्रखण्डों में रक्तदान शिविर हुआ फ्लॉप
दुमका। राज्यव्यापी रक्तदान अभियान के बीच बुधवार को गोपीकांदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया गया रक्तदान शिविर बेहद निराशाजनक साबित हुआ। शिविर में केवल दो लोगोंकृसीएचसी कर्मी नयन रंजना मुर्मू और मनोज कुमार साहकृने रक्तदान किया। दुमका ब्लड सेंटर से लैब टेक्निशियन संतोष, राजीव रंजन, जीएनएम मधुमिता सहित छह कर्मी 40 किलोमीटर की दूरी तय कर गोपीकांदर पहुंचे थे। वाहन में ब्लड कलेक्शन पैकेट, उपकरण, फ्रीजर और केमिकल भेजा गया था, लेकिन पूरे शिविर में केवल दो यूनिट रक्त ही एकत्र हो सका। शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित आनंद, डॉ. पंचम लाल, जीएनएम नेमीदिता मिंज, एएनएम सावित्री कुमारी, सोनू टुडू, राकेश मुर्मू मौजूद थे।

केवल रामगढ़ और जरमुण्डी प्रखण्ड में रक्तदान में दिखा उत्साह
राज्य रक्त संचरण परिषद द्वारा 12 से 28 नवंबर तक चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला के 10 में से 9 प्रखंडों में शिविर लगाने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 8 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें से केवल रामगढ़ और जरमुंडी में ही संतोषजनक रक्तदान हुआ है। मसलिया, जामा और अन्य प्रखंडों में आंकड़े काफी निराशाजनक रहे।

प्रशासन की उदासीनता उजागर
रक्तदान शिविरों का उद्देश्य जिले में पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करना था, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता साफ दिखाई दी। सिविल सर्जन, प्रखंड अधिकारियों और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को पूर्व से तैयारियों का निर्देश दिया गया था, लेकिन कम संख्या में रक्तदान यह दर्शाता है कि ग्राउंड पर कोई प्रभावी पहल नहीं हुई। दुमका सदर में न तो कोई शिविर लगाया गया और न ही जिला मुख्यालय में पहल की गई, जिससे अभियान का प्रभाव फीका रहा।

राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रेड क्रॉस सोसायटी ने किया रक्तदान
रेड क्रॉस सोसायटी दुमका शाखा द्वारा लगाए गए शिविर में 13 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें चेयरमैन डॉ. राज कुमार उपाध्याय भी शामिल थे। अभियान के तहत अगला शिविर 20 नवंबर को सरैयाहाट प्रखंड में आयोजित होना है, जिसमें कितनी यूनिट रक्त एकत्र होता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

रक्तदान शिविर-तिथि और उपलब्धि
स्थान, प्रखंड, तिथि, रक्तदान (यूनिट)
सीएचसी, जामा 12 नवम्बर 05 यूनिट
सीएचसी, मसलिया 13 नवम्बर 02 यूनिट
सीएचसी, जरमुंडी 14 नवम्बर 15 यूनिट
सीएचसी, काठीकुंड 15 नवम्बर 08 यूनिट
सीएचसी, रानीश्वर 16 नवम्बर 07 यूनिट
सीएचसी, शिकारीपाड़ा 17 नवम्बर 08 यूनिट
सीएचसी, रामगढ़ 18 नवम्बर 30 यूनिट
सीएचसी, गोपीकांदर 19 नवम्बर 02 यूनिट








Comments