जल्द पूर्ण करें 50 बेडेड क्रिटिकल हॉस्पिटल का निर्माण कार्य: डीसी
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 11, 2025
- 2 min read

गांदो में बने नर्सिंग इंस्टिट्यूट को हस्तांतरित करने का दिया निर्देश
दुमका। मसूरी से दो-दो अवार्ड लेकर वापस लौटते ही उपायुक्त अभिजीत सिन्हा पुनः जिले के विकास कार्यों की गति तेज करने में जुट गये हैं। उपायुक्त की अध्यक्षता में आज तकनीकी पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। बैठक में 50 बेडेड क्रिटिकल हॉस्पिटल एवं नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि नवंबर माह तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं गांदो में बने नर्सिंग इंस्टिट्यूट का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे शीघ्र हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया।

नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम को दीपावली तक पूर्ण करने का निर्देश
दुमका। नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम के संबंध में उपायुक्त ने जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि सभी कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं तथा फ्लोरिंग का कार्य प्रगति पर है, जिसे 20 अक्टूबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त तारामंडल एवं साइंस सेंटर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

आंगनवाड़ी केंद्र एवं एसएचसी भवनों का करें हस्तांतरण
उपायुक्त ने मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा योजना को समय पर पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुके आंगनवाड़ी केंद्र एवं एसएचसी भवनों का अभिलंब हस्तांतरण किया जाए। अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जो कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित अवधि में पूरा करें। बैठक में अपर समाहर्ता, सभी अंचल अधिकारी आदि उपस्थित थे।









Comments