गोपीकांदर के बांसपहाड़ी में डायरिया का प्रकोप बढ़ा, दो गंभीर मरीज अस्पताल में भर्ती
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 16
- 2 min read

दुमका जिले के गोपीकांदर प्रखंड के बांसपहाड़ी गांव में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार से लगातार बिगड़ रही स्थिति के बीच रविवार देर रात एक किशोरी और एक महिला को गंभीर हालत में दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

किशोरी और महिला की हालत गंभीर
ग्रामीण बाबूधन सोरेन ने बताया कि उनकी भाभी धनमुनी हांसदा (48) और 13 वर्षीय भतीजी प्रिंशिला सोरेन की तबीयत शनिवार शाम से खराब होने लगी थी। रातभर कई बार शौच होने के कारण दोनों की स्थिति बेहद नाजुक हो गई। प्रिंशिला की हालत तो इतनी खराब थी कि वह बेहोश हो गई थी।

रात में चिकित्सक को सूचना, सुबह पहुंची एम्बुलेंस
ग्रामीणों ने रात में ही सीएचसी गोपीकांदर के चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुमित आनंद को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। हालांकि एम्बुलेंस रविवार सुबह करीब 6 बजे गांव पहुंची, जिसके बाद दोनों मरीजों को दुमका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्वास्थ्य विभाग की नींद अब खुली
गांव में डायरिया फैलने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग शनिवार को हरकत में आया और बांसपहाड़ी में स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवाओं का वितरण किया गया। रविवार को भी स्वास्थ्य कर्मियों ने कैंप लगाकर संक्रमित लोगों की जांच और प्राथमिक उपचार किया।

एक महिला की मौत, कई लोग प्रभावित
बांसपहाड़ी गांव में अब तक डायरिया से एक महिला की मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन लोग प्रभावित हैं। स्वास्थ्य विभाग ग्रामीणों को उबालकर पानी पीने, साफ-सफाई रखने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुमित आनंद ने बताया कि ओआरएस और दवाओं का वितरण किया जा चुका है। गांव में लगातार स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी जारी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।








Comments