खनिजों को तिरपाल से ढक कर वाहनों का करें परिचालन : डीसी
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 15, 2025
- 2 min read

नियम का अनुपालन नहीं करनेवाले क्रशर यूनिट को कर दिया जायेगा सील
दुमका। अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय सभागार में हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन एवं उसके परिवहन की रोकथाम पर गहन विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि अवैध खनन व परिवहन पर सख्ती आवश्यक है। सभी अंचल अधिकारी नियमित रूप से वाहन जांच करें और अवैध परिवहन करते पकड़े गए वाहनों पर नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खनिज परिवहन उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ही हो तथा ट्रामपॉलिन का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। बिना ढके (खुले) वाहन किसी भी स्थिति में न चलें। क्रशर यूनिटों के संचालन को लेकर उपायुक्त ने कहा कि सभी क्रशर निर्धारित नियमों एवं शर्तों के साथ ही संचालित हों। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से कार्यरत क्रशरों को चिन्हित करने तथा उनके विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों पर उपायुक्त ने जतायी गहरी चिंता
दुमका। बैठक में उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा सड़क का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इसमें ब्लाइंड स्पॉट्स की पहचान, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था, गड्ढों की मरम्मत और अन्य आवश्यक सुधारात्मक कदमों का उल्लेख हो। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन की रोकथाम और सड़क सुरक्षा दोनों को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर ले रहा है। इसके लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है ताकि जिले में खनिज संसाधनों का संरक्षण हो सके और साथ ही आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।









Comments