किशोरी की आत्महत्या के बाद सड़क जाम, शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Apr 13
- 1 min read

फांसी लगाकर किशोरी ने दी जान
दुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र के सरसाठाड़ी गांव में 16 वर्षीय किशोरी पुष्पा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार रात पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

शव गांव पहुंचते ही फूटा आक्रोश, सड़क जाम
शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने आधा दर्जन युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कुरमाहाट के समीप हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

शादी का झांसा देकर अपहरण का आरोप
परिजनों ने गांव के संगम कुमार मांझी पर किशोरी को शादी का झांसा देने और बाद में धोखा देने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही अजय मांझी, मिथलेश पंजीयरा, मनीष मंडल, दिलीप पंजीयरा समेत दो अज्ञात युवकों पर सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों के अनुसार किशोरी का अपहरण कर बाद में छोड़ दिया गया था।

प्रेम प्रसंग के बाद तनाव में उठाया कदम
बताया जा रहा है कि किशोरी का आरोपी युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक के इंकार करने और परिजनों की डांट-फटकार के बाद वह मानसिक तनाव में थी। इसी कारण उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना पर सर्कल इंस्पेक्टर विशुन देव पासवान, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटवाया। किशोरी की दादी के फर्द बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





Comments